करवा चौथ पर भी नहीं मिला वेतन, महिला कर्मचारियों ने किया हंगामा

जिला अस्पताल में ए-1 फैसिलिटी कंपनी के 28 कर्मचारियों का तीन माह से मानदेय बकाया, सीएमओ ने तीन दिन में भुगतान का दिया आश्वासन

मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल में कार्यरत ए-1 फैसिलिटी कंपनी के 28 महिला और पुरुष कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर गुरुवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा। करवा चौथ जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी मानदेय नहीं मिलने से परेशान महिला कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया के कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया। कर्मचारियों ने ठेकेदार फर्म पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द बकाया वेतन दिलाने की मांग उठाई।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में हादसों में तीन की मौत, दो सड़क हादसे, स्टेशन पर मिला एक शव

प्रदर्शन कर रही महिला कर्मचारियों का कहना था कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। करवा चौथ के त्योहार पर भी खाते में पैसा नहीं पहुंचने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार के मौके पर जरूरी खरीदारी और घरेलू खर्चों के लिए भी उनके पास पर्याप्त धन नहीं है। इसके बावजूद संबंधित कंपनी की ओर से वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है।

वेतन भुगतान की मांग को लेकर महिला कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया के कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप था कि वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

इसे भी पढ़ें:  जग्गाहैड़ी टोल विवादः भाकियू (तोमर) ने एसएसपी से की फर्जी मुकदमा वापस लेने की मांग

कर्मचारियों की समस्या सुनने के बाद सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने उन्हें तीन दिन के भीतर वेतन का पैसा खातों में पहुंचने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में उनके खातों में वेतन नहीं पहुंचा तो वे काम बंद कर सीएमओ कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे लंबे समय से वेतन का इंतजार कर रहे हैं और अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि बकाया मानदेय का भुगतान चाहिए। फिलहाल सभी की निगाहें तीन दिन की समयसीमा पर टिकी हैं। महिला कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में भुगतान नहीं होता है, तो वो आंदोलन करेंगे औश्र काम भी बंद कर दिया जायेगा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-ब्रेक फेल होने पर पलटी स्कूली वैन, 10 बच्चे घायल
Share This Article