मुजफ्फरनगर में हादसों में तीन की मौत, दो सड़क हादसे, स्टेशन पर मिला एक शव

बिलासपुर कट पर रोडवेज बस की टक्कर से दुकानदार की मौत, खतौली में होटल कर्मी को कुचला

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। हाईवे के साथ ही रेलवे स्टेशन पर भी मौत से अफरातफरी मची रही। दो सड़क हादसों में दो लोगों की जान गई तो स्टेशन पर प्लेटफार्म के पास एक युवक अचेत मिला और अस्पताल में इसको चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इन हादसों के कारण मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार शेरनगर निवासी 60 वर्षीय धर्म सिंह सैनी गांव में परचून की दुकान चलाते थे। मंगलवार को वह शहर से दुकान का सामान खरीदकर मोपेड से वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह बिलासपुर कट के पास हाईवे पार कर रहे थे, तभी दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रही उत्तराखंड रोडवेज की बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्म सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीपी नगर पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-बकरी के बच्चे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा हाईवे पार करते समय हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। धर्म सिंह अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए लंबे समय से परचून की दुकान संचालित कर रहे थे।

इसे भी पढ़ें:  छात्र उज्ज्वल की मौत पर जनाक्रोशः नेताओं ने जताया शोक, सख्त कार्रवाई की मांग

खतौली थाना क्षेत्र में भी एक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक युवक के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, वहां से उसको चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान जनपद बुलन्दशहर के थाना अनूपशहर के गांव बिचौला निवासी 35 वर्षीय हरेन्द्र शर्मा पुत्र रविन्द्र शर्मा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार हरेन्द्र शर्मा दिल्ली देहरादून हाईवे पर खतौली के पास ही स्थित एक होटल पर कर्मचारी था और रात्रि में ड्यूटी के बाद पैदल ही सड़क के किनारे जा रहा था। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति से उसको अपनी चपेट में ले लिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-बागोवाली में घर में घुसकर हमले की वीडियो वायरल

वहीं स्थानीय रेलवे स्टेशन पर भी एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के पास एक युवक के बेहोशी की अवस्था में पड़े होने की सूचना पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। युवक को अचेत अवस्था में उठाकर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां पर चिकित्सक द्वारा युवक को मृत घोषित कर दिया गया। तलाशी के बाद मिले दस्तावेज के आधार पर मृतक युवक की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के गांव अथाई निवासी 35 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र धर्म पाल सिंह के रूप में हुई। पहचान के बाद पुलिस के द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई ओर शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।

Also Read This

समाज सेवा में योगदान पर गिरीश अग्रवाल को मिला ‘विकास रत्न’ सम्मान

लायंस क्लब दिव्य, मुजफ्फरनगर की कोर कमेटी में निभा रहे सक्रिय भूमिका, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आदित्य गुप्ता ने किया सम्मानित मुजफ्फरनगर। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लायंस क्लब दिव्य, मुजफ्फरनगर की कोर कमेटी के सक्रिय सदस्य गिरीश अग्रवाल को लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-सी1 के प्रतिष्ठित ‘विकास रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज हित में किए जा रहे कार्यों, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान समारोह मेरठ रोड स्थित मूलचंद रिसोर्ट में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 321-सी1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आदित्य गुप्ता ने गिरीश अग्रवाल को

Read More »