सत्यप्रकाश रेशु के आवास पर कलश यात्रा के बाद चार महिलाओं के गले से चेन और पंेडिल चोरी, लाखों के जेवर गायब होने से मचा हड़कम्प, एएसपी ने मौके पर पहुंचकर की पड़ताल, पांच महिला पकड़ीं
मुजफ्फरनगर। धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचीं महिलाओं के लिए उस समय संकट की स्थिति बन गई, जब शहर के रेशु विहार स्थित एक आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। कलश यात्रा के समापन के बाद नाश्ते के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन और डायमंड के पेंडिल चोरी कर लिए गए। पीड़ित महिलाओं ने करीब 10 लाख रुपये के जेवरात चोरी होने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं। शक के आधार पर श्रद्धालु बनकर पहुंची पांच संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए सिविल लाइन थाने ले जाया गया है।
उद्यमी एवं समाजसेवी सत्यप्रकाश रेशु की ओर से रेशु विहार स्थित उनके आवास पर 13 से 20 नवंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। कथा का वाचन शांतनु महाराज कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह धार्मिक आयोजन के शुभारंभ पर कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। सत्यप्रकाश रेशु के परिवार के सदस्यों के अलावा उनके रिश्तेदार और परिचित भी सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचे थे। कलश यात्रा संपन्न होने के बाद सभी लोग आवास पर एकत्र हुए, जहां नाश्ते और जलपान की व्यवस्था की गई थी।
भीड़ में महिलाओं के गले से एकाएक गायब हुए जेवर
बताया गया कि सुबह करीब 10.30 बजे महिलाएं जलपान कर रही थीं। इसी दौरान भीड़ में सक्रिय कुछ संदिग्ध महिलाओं ने कथित तौर पर एक के बाद एक कई महिलाओं के गले से सोने की चेन और पेंडिल पार कर दिए। जब महिलाओं को अपने गले से जेवर गायब होने का पता चला तो आयोजन स्थल पर हड़कंप मच गया। पीड़ित महिलाओं ने तलाश शुरू की और आयोजकों को घटना की जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार तीन सोने की चेन और दो डायमंड पेंडिल चोरी होने की बात सामने आई है। एक अन्य महिला की आर्टिफिशियल चेन भी गायब हुई है, जबकि एक महिला के गले से चेन खींचने के दौरान उससे जुड़ा सोने का पेंडिल टूटकर उसके हाथ में गिर गया, जिससे वह बच गया।
गाजियाबाद के लेन क्राफ्ट निवासी राजबाला पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार ने बताया कि वह सत्यप्रकाश रेशु के दिवंगत भाई रामनारायण की सलहज हैं और परिवार के निमंत्रण पर कथा सुनने आई थीं। उनके अनुसार, नाश्ते के दौरान किसी ने उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन और उसमें लगा डायमंड का पेंडिल चोरी कर लिया। चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। इसी दौरान सत्यप्रकाश रेशु के पुत्र की रिश्तेदार मीरा कुमारी पत्नी प्रदीप कुमार निवासी अलीगढ़ के गले से भी करीब तीन तोले की सोने की चेन और भारी डायमंड पेंडिल चोरी कर लिया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो अन्य महिलाओं के जेवर भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
बिना निमंत्रण पहुंची संदिग्ध महिलाओं पर शक
पीड़ित राजबाला ने आशंका जताई कि इस घटना में महिलाओं का कोई संगठित गिरोह शामिल हो सकता है। उनका कहना था कि पांच संदिग्ध महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया गया। आयोजकों के मुताबिक, पकड़ी गई महिलाओं के पास कथा में शामिल होने का कोई निमंत्रण पत्र नहीं था। इनमें से एक महिला के पास से एक लोशल और कुछ अन्य संदिग्ध सामान मिलने की बात भी कही गई है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की घटना में उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना पर सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित महिलाओं एवं आयोजकों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए सिविल लाइन थाने भेज दिया।
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि कथा आयोजन स्थल पर कुछ महिलाओं के गले से चेन और पेंडिल चोरी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई। प्रारंभिक जानकारी में राजबाला पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार निवासी गाजियाबाद, मीरा कुमारी पत्नी प्रदीप कुमार निवासी अलीगढ़, रीना पत्नी संजीव बालियान निवासी रेशु विहार और रेनू पत्नी ललित अग्रवाल निवासी महावीर चौक के जेवर चोरी होने की बात सामने आई है। कुछ संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
