वन विभाग के खिलाफ 16 नवंबर से भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना होगा शुरू, जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने किया ऐलान
दिल्ली किसान आंदोलन की वर्षगांठ पर 26 नवंबर को मंडल स्तर पर होगा किसानों का रात्रि पड़ाव, सुबह देंगे ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। वन विभाग पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संगठन ने 16 नवंबर से मुजफ्फरनगर में मेरठ रोड स्थित जिला वन अधिकारी (डीएफओ) कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का ऐलान किया है। जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मंगलवार को सुबह 10 बजे तक डीएफओ कार्यालय पहुंचने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं और वन विभाग की कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई के विरोध में यह आंदोलन शुरू किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वन विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसानों में नाराजगी है। किसानों के उत्पीड़न के विरोध में संगठन ने डीएफओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर के पदाधिकारियों से आंदोलन को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है। संगठन का कहना है कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक विरोध जारी रखा जाएगा।
दिल्ली किसान आंदोलन की वर्षगांठ पर देशव्यापी कार्यक्रम
भारतीय किसान यूनियन के शीर्ष नेतृत्व ने आगामी 26 नवंबर को भी बड़े आंदोलन की तैयारी की है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर वर्ष 2020-21 में दिल्ली की सीमाओं पर चले ऐतिहासिक किसान आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में मंडल और संभाग मुख्यालयों पर रात्रि पड़ाव प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कार्यक्रम के सम्बंध में बताया कि इस आंदोलन में भाकियू की राष्ट्रीय समन्वय समिति ने सभी प्रदेश इकाइयों को अपने-अपने मंडल और संभाग मुख्यालयों पर रात्रि पड़ाव कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के अगले दिन 27 नवम्बर की सुबह संबंधित अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन इस आयोजन के जरिए किसान आंदोलन से जुड़े मुद्दों और किसानों की लंबित मांगों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी कर रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान ने दिया इस्तीफा, संगठन ने किया मंजूर
इधर, भारतीय किसान यूनियन के केंद्रीय कार्यालय की ओर से संगठनात्मक स्तर पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद निवासी प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से इस्तीफा दिए जाने की सूचना के बाद प्रदेश समन्वय समिति ने उनके त्यागपत्र पर विचार किया। केंद्रीय कार्यालय के अनुसार, उनके पत्र की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश समन्वय समिति ने इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 16 और 26 नवम्बर के दोनों आंदोलन और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए यूनियन पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं।
