मुजफ्फरनगर में दिवाली की रात झुलसे कारोबारी के बेटे की मौत

पांच दिन बाद जिंदगी की जंग हारे अवि गुप्ता, दिल्ली में उपचार के दौरान तोड़ा दम, बेटे के स्वस्थ होने की कामना में जलाया अखंड दीप भी बना था हादसे की वजह, कोहराम

मुजफ्फरनगर। जिस घर में दीपावली की रात रोशनी, खुशियों और उत्साह का माहौल था, वहां पांच दिन के भीतर ही मातम छा गया। दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान गंभीर रूप से झुलसे कारोबारी मनोज कुमार गुप्ता के 32 वर्षीय बेटे अवि गुप्ता को आखिरकार बचाया नहीं जा सका। जिंदगी और मौत के बीच पांच दिनों तक संघर्ष करने के बाद शुक्रवार शाम दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते ऐसी त्रासदी में बदल गईं, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

इसे भी पढ़ें:  मेरठ के परिवार से मुजफ्फरनगर में धोखाधड़ी: दो बार बेच दिया मकान

घटना नई मंडी थाना क्षेत्र में माड़ी की धर्मशाला के पास की है। कारोबारी मनोज कुमार गुप्ता के परिवार में दीपावली की रात खुशियों का माहौल था। उनके 32 वर्षीय बेटे अवि गुप्ता ने त्योहार पर आतिशबाजी का विशेष इंतजाम किया था। परिवार के सदस्य एक साथ दीपावली मना रहे थे। इसी दौरान पटाखे छुड़ाते समय अचानक आतिशबाजी की चपेट में आने से अवि गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

अवि के गंभीर रूप से झुलसने के बाद पूरा परिवार उनकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहा था। बेटे के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर परिवार ने घर के मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार सुबह इसी अखंड ज्योत से मकान की पहली मंजिल पर बने मंदिर वाले कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। कमरे में रखा घरेलू सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था।

इसे भी पढ़ें:  आईआईए की श्रम कानून मीटिंग में उद्योगों को मिली व्यावहारिक जानकारी

पांच दिन में एक के बाद एक हादसों ने तोड़ दिया परिवार

दीपावली की रात बेटे का आतिशबाजी में झुलसना और उसके बाद घर के मंदिर वाले कमरे में आग लगने की घटना ने परिवार को पहले ही गहरे संकट में डाल दिया था। परिजन लगातार अवि के स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे। दिल्ली के अस्पताल में उनका उपचार जारी था और परिवार उनकी जिंदगी बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा था। शुक्रवार शाम उनके निधन की सूचना ने परिवार की बची-खुची उम्मीदें भी तोड़ दीं। एक ही सप्ताह के भीतर दो बड़ी घटनाओं का सामना करने वाले कारोबारी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस दीपावली पर घर रोशनी से जगमगा रहा था, उसी त्योहार की यादें अब परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई हैं।

इसे भी पढ़ें:  Muzaffarnagar news: बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज कर्मचारी का शव मिला
Share This Article