मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में बवाल, ठेकेदार ने उतारे कपड़े-जूते, अर्धनग्न प्रदर्शन

55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए महीनों से काट रहा था चक्कर, राजस्व सहायक लिपिक पर रिश्वत मांगने का आरोप, हंगामे का वीडियो वायरल

मुजफ्फरनगर। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे एक ठेकेदार ने राजस्व विभाग के एक लिपिक पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। युवक ने गांधीवादी तरीके से अपने कपड़े और जूते उतारकर राजस्व सहायक की मेज पर रख दिए और अर्धनग्न अवस्था में विरोध जताया। इस दौरान युवक और लिपिक के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सरकारी कार्यालय में हुए इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवक ने अपना नाम बिनेश कुमार बताया है। उसका कहना है कि उसने अपने पिता के नाम से करीब 55 लाख रुपये का हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन किए कई महीने बीत जाने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ। इस संबंध में वह कई बार कलेक्ट्रेट के चक्कर लगा चुका है, लेकिन उसे हर बार निराश होकर लौटना पड़ा।

Contents
इसे भी पढ़ें:  इमरान मसूद को बच्चों का प्यारा निवेदन: 'खेल का मैदान साफ करवा दीजिए'

दो हजार की जगह 20 हजार की रसीद मांगने का आरोप

बिनेश कुमार के मुताबिक, शुक्रवार को वह अपने लंबित आवेदन की स्थिति जानने के लिए कलेक्ट्रेट के राजस्व विभाग में तैनात राजस्व सहायक लिपिक कुलदीप कुमार के पास पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान लिपिक ने उससे 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटवाकर लाने को कहा। युवक का दावा है कि इससे पहले वह दो हजार रुपये की सरकारी फीस जमा कर इसी तरह का हैसियत प्रमाण पत्र बनवा चुका है। बिनेश ने सवाल उठाया कि सरकारी शुल्क अचानक दस गुना कैसे बढ़ गया। उसका आरोप है कि जब उसने बढ़ी हुई फीस का आधार और नियम पूछे तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी बात को लेकर लिपिक और उसके बीच कहासुनी शुरू हो गई। युवक ने आरोप लगाया कि प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर उससे रिश्वत मांगी जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  वैष्णो देवी यात्रा पर फिर बारिश का ब्रेक, वापस लौटे भक्त

लिपिक की मेज पर कपड़े-जूते रखकर जताया विरोध

विवाद बढ़ने पर बिनेश कुमार ने अपने कपड़े और जूते उतारकर राजस्व सहायक की मेज पर रख दिए। इसके बाद वह अर्धनग्न अवस्था में विरोध करने लगा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। युवक और लिपिक के बीच काफी देर तक तीखी बहस होती रही। घटना के दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-शनिवार को टाउनहाल में वाल्मीकि महापंचायत

सरकारी कार्यालय में इस तरह हुए विरोध प्रदर्शन ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।  कुलदीप कुमार ने ठेकेदार के सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि 55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए नियमानुसार 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटनी थी। ठेकेदार रसीद कटवाने के बजाय बिना रसीद के ही हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ।

Share This Article