एसएसपी सूरज का सख्त एक्शन, दो चौकी प्रभारी और सिपाही निलंबित

बसेड़ा चौकी इंचार्ज पर बैटरी चोरों को छोड़ने के आरोप में कार्रवाई, बेगराजपुर चौकी प्रभारी पर चोरी की दो घटनाओं के बाद भी गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप, खतौली कस्बा चौकी प्रभारी का रामराज तबादला

मुजफ्फरनगर। अपराध नियंत्रण में लापरवाही और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों को लेकर एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस विभाग में सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में दो चौकी प्रभारियों और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है। एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। इसके साथ ही एक चौकी प्रभारी का स्थानांतरण भी किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  इंटर में महक ने किया टॉप, दूसरे नंबर रहीं तीन छात्राएं

सूत्रों के अनुसार छपार थाना क्षेत्र की बसेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार और सिपाही जयसिंह को निलंबित किया गया है। बताया गया है कि एसएसपी को चौकी पर भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चौकी पुलिस ने पूर्व में बैटरी चोरी के मामले में कुछ आरोपियों को पकड़ा था, लेकिन बाद में कथित तौर पर लेनदेन कर उन्हें छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने चौकी प्रभारी और संबंधित सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

दूसरी कार्रवाई मंसूरपुर थाना क्षेत्र की बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक ललित कुमार के खिलाफ की गई है। उन पर क्षेत्र में हुई आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेने और पुलिसिंग में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। जानकारी के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान गांव जड़ौदा में एक मकान में चोरी की वारदात हुई थी। इस घटना के बाद भी क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी को लेकर अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती गई। इसके बाद भैया दूज के अवसर पर उसी गली में स्थित दूसरे मकान को भी चोरों ने निशाना बना लिया। एक ही गली में दो बार चोरी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई और निगरानी में कमी पाए जाने पर एसएसपी ने बेगराजपुर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मना पृथ्वी दिवस

निलंबन की कार्रवाई के साथ ही एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस विभाग में एक स्थानांतरण भी किया है। खतौली कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह को वहां से हटाकर रामराज थाने में तैनात किया गया है। पुलिस विभाग में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को कार्यप्रणाली में जवाबदेही तय करने और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर बरती जा रही लापरवाही पर अंकुश लगाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। एसएसपी के इस कदम से स्पष्ट संकेत मिला है कि ड्यूटी में लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  कानपुर गंगा बैराज पुलिस रौंदने मामला: 2 बीटेक छात्र गिरफ्तार, शराब पीकर कार दौड़ाने का कबूलनामा
Share This Article