गांव गढ़ी सखावत से सिसौली में घर लौटते समय मेरठ-करनाल हाईवे पर हुआ हादसा, फुगाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। लोई गांव के निकट वाटर पार्क के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सिसौली निवासी सुमित बालियान के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिसौली निवासी युवक सुमित बालियान शनिवार देर रात गढ़ी सखावत से बाइक पर सवार होकर अपने घर सिसौली लौट रहे थे। जैसे ही वह लोई गांव के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही फुगाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की। सुमित की मौत की खबर सिसौली स्थित उनके घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की अचानक मौत से गांव और परिचितों में भी शोक व्याप्त है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए जानकारी जुटा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
