हमें ज्ञान, सेवा और संस्कार का संदेश देती है गुरु पूर्णिमाः मीनाक्षी स्वरूप

मीनाक्षी स्वरूप बोलीं-सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च, उनका सम्मान हमारा कर्तव्य

भौरों के मंदिर पहुंचीं पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने गुरुजनों का सम्मान कर लिया आशीर्वाद

मुजफ्फरनगर। भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों का सर्वोच्च मार्गदर्शक माना गया है। गुरु पूर्णिमा का पर्व इसी शाश्वत गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता का प्रतीक है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक भौरों के मंदिर पहुंचकर गुरुजनों का सम्मान किया, उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-कंपनी भागी, फिर सड़ने लगा रामलीला टिल्ला

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बुधवार को अंसारी रोड स्थित ऐतिहासिक भौरों के मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के पूज्य पंडित का श्रद्धापूर्वक पटका पहनाकर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपद सहित समस्त प्रदेश एवं देश के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व भारतीय सनातन संस्कृति की महान गुरु-शिष्य परंपरा का जीवंत प्रतीक है। महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में मनाया जाने वाला यह पावन दिवस हमें ज्ञान, संस्कार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्रदान करते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु और महेश के समान पूजनीय माना गया है और गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव होता है।

इसे भी पढ़ें:  सोशल मीडिया पर पीएम-सीएम पर टिप्पणी करने वाले को सिखाया सख्त सबक

उन्होंने कहा कि आज के समय में भी गुरु-शिष्य परंपरा की प्रासंगिकता उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी प्राचीन काल में थी। समाज में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ बनाने के लिए गुरुजनों का सम्मान और उनके बताए मार्ग का अनुसरण आवश्यक है। गुरु पूर्णिमा का यह पर्व हम सभी को अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा का भाव विकसित करने का संदेश देता है। इस दौरान सभासद देवेश कौशिक, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, सभासद पति शोभित गुप्ता, आदेश गौतम, प्रमोद त्यागी एवं कमलकांत शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों का सम्मान करते हुए समाज में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें:  उत्तर प्रदेश जन कल्याण मंच द्वारा उप जिलाधिकारी को किया गया सम्मानित
Share This Article