मुजफ्फरनगर-जानसठ कचहरी में दस्तावेज लेखक ने किया सुसाइड

जहरीला पदार्थ खाकर दे दी अपनी जान, अस्पताल में हुई मौत, 11 लाख के विवाद की बात सामने आई

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के जानसठ कचहरी परिसर में सोमवार सुबह दस्तावेज लेखक गजेंद्र सिंह गुर्जर (48) ने अपने चेंबर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए मुजफ्फरनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उनके चेंबर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें 10 लाख 90 हजार रुपये के वित्तीय विवाद का जिक्र करते हुए एक व्यक्ति पर रुपये जमा नहीं कराने का आरोप लगाया गया है और इसी विवाद को आत्महत्या का कारण बताया है। घटना के बाद कचहरी परिसर में शोक छा गया, तो वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।

इसे भी पढ़ें:  छपार टोल प्लाजा पर भाकियू अराजनैतिक का हंगामा, टोल कराया फ्री

दस्तावेज लेखक गजेंद्र सिंह गुर्जर के जानसठ कचहरी स्थित चेंबर से मिले सुसाइड नोट में सरदार चरणजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट के अनुसार, चरणजीत सिंह ने उनके पिता के कृषि कार्ड के 10 लाख 90 हजार रुपये जमा नहीं कराए थे। गजेंद्र सिंह ने लिखा कि रकम जमा नहीं होने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। उन्होंने नोट में यह भी लिखा कि उनकी मौत के बाद परिवार के किसी सदस्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न की जाए। उन्होंने यह आत्मघाती कदम स्वयं उठाने की बात लिखी है। साथ ही भाइयों से चरणजीत सिंह से रुपये लेकर कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।

इसे भी पढ़ें:  आज से 5 दिन तक सताएगी गर्मी, दिन में दिखेगा लू का असर, येलो अलर्ट जारी

सुसाइड नोट में गजेंद्र सिंह ने अपने भाइयों से डेढ़ लाख रुपये का उधार चुकाने की बात कही। उन्होंने बच्चों का पालन-पोषण करने और बेटियों व बेटे की शादी कराने की जिम्मेदारी भी भाइयों को सौंपी। नोट में परिवार के भविष्य को लेकर कई बातें लिखी गई हैं। गजेंद्र सिंह की मौत की खबर फैलते ही कचहरी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, टाइपिस्टों और स्टांप वेंडरों ने शोक में अपने चेंबर बंद कर दिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच-पड़ताल की जाएगी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। गजेंद्र सिंह गुर्जर ककरौली क्षेत्र के गांव कटिया के निवासी थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार के पास करीब 60 बीघा कृषि भूमि है। उनके परिवार में पत्नी किरण, तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी निकिता की शादी हो चुकी है, जबकि इशा और अंकी अविवाहित हैं। बेटे का नाम अर्पित है। उनके पिता राजसिंह का निधन हो चुका है और पत्नी किरण कई महीनों से बीमार चल रही हैं।

Share This Article