कपिल देव अग्रवाल ने किया कल्याण देव की प्रतिमा का अनावरण

महाराजा अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा के क्षेत्र में स्वामी कल्याणदेव के योगदान को किया याद, भावी पीढ़ियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत

मुजफ्फरनगर। चरथावल के महाराजा अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ब्रह्मलीन स्वामी कल्याणदेव की स्मृतियों को सम्मान दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी कल्याणदेव की प्रतिमा का अनावरण किया।

चरथावल स्थित महाराजा अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में ब्रह्मलीन वीतराग संत एवं शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याणदेव की प्रतिमा का अनावरण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विधिवत रूप से प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी कल्याणदेव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, समाजसेवा तथा मानव कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

इसे भी पढ़ें:  अवैध पशु तस्करी का भंडाफोड़, 14 पशुओं समेत दो पिकअप बरामद

मंत्री कपिल देव ने कहा कि महाविद्यालय के संस्थापक स्वामी कल्याणदेव पद्म विभूषण से अलंकृत थे। उन्होंने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक उत्थान और भारतीय संस्कारों के संरक्षण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। मंत्री ने कहा कि उनका तपस्वी जीवन, त्याग, सेवा भावना और शिक्षा के प्रति समर्पण समाज के लिए अनुकरणीय है। उनके प्रयासों से स्थापित शिक्षण संस्थान आज भी नई पीढ़ी को शिक्षा और संस्कारों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  यूजीसी इक्विटी कानूनः हिंदूवादी नेता ने रक्त से लिखा पीएम मोदी के नाम पत्र

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्वामी कल्याणदेव के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, समर्पण और लोककल्याण की भावना का प्रतीक रहा है। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। प्रतिमा का अनावरण महाविद्यालय परिवार के लिए विशेष महत्व का अवसर रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल कुमार गर्ग, प्रबंधक विनोद कुमार सिंघल, प्राचार्या डॉ. अनिता रानी, प्रत्यक्ष सिंघल, विनीत कुमार, विनम्र सिंघल, विपिन सिंघल, विनय कुमार और सीए शीतल जैन सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

इसे भी पढ़ें:  दुल्हैंडी पर सड़कों पर उतरा कालः तीन हादसों में चार की मौत
Share This Article