मुजफ्फरनगर–600 गज के प्लॉट के सौदे में एक करोड़ की धोखाधड़ी

पार्टनर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, रकम हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

मुजफ्फरनगर। शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के कारोबार में साझेदारी के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी के पार्टनर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर जमीन के सौदे के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम प्राप्त की और बाद में पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर के मौहल्ला श्याम विहार निवासी आकाशदीप पुत्र बलजोर सिंह ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम करता है। उसके अनुसार शाहबाज मेहंदी पुत्र सैयद हुसैन अफरोज जैदी निवासी गांव संधावली, थाना मंसूरपुर के साथ उसका जमीन खरीदने और बेचने का कारोबार चलता था। शाहबाज जमीन के सौदों के लिए उससे अक्सर लेन-देन करता रहता और कुछ सौदों के लिए तय रकम वो आकाशदीप से लेकर अपने छोटे भाई मेहरान अफरोज के बैंक खातों में जमा कराता था। नकद भुगतान भी किया जाता था, जिसकी रसीदें और बैंक लेनदेन का रिकॉर्ड उसके पास मौजूद है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-पालिका में दाखिल-खारिज बंद, जन्म-मृत्यु में भी काम ठप

बीमार पिता का हवाला देकर मांगे 30 लाख रुपये

आकाशदीप की शिकायत के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को शाहबाज मेहंदी उसके घर पहुंचा और अपने पिता सैयद हुसैन अफरोज जैदी की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए आर्थिक मदद मांगी। उसने पिता के अस्पताल में भर्ती होने और वेंटिलेटर पर होने की बात कहते हुए पिता के नाम 600 गज भूमि का प्लॉट खरीदने का प्रस्ताव रखा। इसके बदले प्लॉट के कागजात की फोटो कॉपी उपलब्ध कराते हुए 30 लाख रुपये देने की मांग की। इसके लिए शाहबाज ने अपनी माता फौजिया से भी फोन पर बात कराई और उनकी सहमति दिलाई। पीड़ित का आरोप है कि उसने भरोसा कर रकम देने की सहमति जताई। आकाशदीप के अनुसार, उसने शाहबाज के कहने पर अपने परिचित प्रेम सिंह निवासी केशवपुरी मुजफ्फरनगर से 15 लाख रुपये और अपने बेटे शुभम चौधरी से 10 लाख रुपये दिलवाए। इसके अलावा पांच लाख रुपये नकद दिए गए। इस तरह 30 लाख रुपये दिए गए। आरोप है कि इसके बाद भी जमीन के कारोबार और अन्य लेनदेन के नाम पर उससे लगातार रकम ली जाती रही।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-रेलवे स्टेशन की निष्क्रांत सम्पत्ति कब्जा मुक्त कराने की मांग

बैंक खातों में 62 लाख और शेष नकद भुगतान का दावा

पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया कि शाहबाज के पास बैंक खातों के माध्यम से करीब 62 लाख रुपये और 14 लाख रुपये नकद थे। इसके अलावा लगभग 24 लाख रुपये का मुनाफा भी बकाया था। इस प्रकार करीब एक करोड़ रुपये की रकम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि शाहबाज ने रकम वापस करने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी और बाद में अपना फोन बंद कर दिया। आरोप है कि शाहबाज के साथ इस धोखाधड़ी में उसकी मां फौजिया, भाई मेहरान अफरोज और पिता सैयद हुसैन अफरोज जैदी भी पूरे मामले में शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  PALIKA--सरकार ने खोला खजाना, निकायों में हुई धनवर्षा

पीड़ित ने दावा किया कि उसके पास बैंक खातों के लेनदेन, स्टांप पेपर पर हुए हस्ताक्षरों और व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग जैसे साक्ष्य मौजूद हैं। रिकॉर्डिंग में रकम लौटाने को लेकर बातचीत होने का भी दावा किया गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने पर आरोपित पक्ष की ओर से उसे झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी गईं। शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस थाने में शाहबाज मेहंदी, फौजिया, मेहरान अफरोज और सैयद हुसैन अफरोज जैदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(3) और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक उद्यम सिंह को सौंपी गई है।

Share This Article