सहारनपुर । थाना सदर बाजार के अंतर्गत एक पीड़ित महिला ने ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी। गांधी नगर निवासी डोली पत्नी कुवेश धीमान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र मे बताया कि प्रार्थिया सीधी-सादी घरेलू महिला है। प्रार्थिया का विवाह कुवेश धीमान के साथ विगत 13 दिसम्बर 2015 को हुआ था। शादी के दौरान की जा रही सभी मांगों को भी पूरा किया। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके ससुराल वाले उसकी शादी से खुश नहीं थे। दहेज के ताने देकर वो उसे लगातार तंग-परेशान करते रहे। कई बार उनके द्वारा मारपीट की गयी, लेकिन वो चुपचाप सहती रही।
रोज मारपीट की घटनाओं के चलते उसके पति ने नवादा रोड़ स्थित गांधी नगर पर एक छोटा सा प्लाट खरीदकर मकान बना लिया, ताकि घर मे शांति बने रहे। यहां भी उसके ससुरालवालों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और आए दिन उनके घर आकर मारपीट करने लगे। इसी बीच उसके दो बच्चे हो गए और वो सब सहती रही, दस दिन पूर्व उनके पति के दोस्त के घर उसके ससुराल वाले गए और उसकी पत्नी और उसके परिजनों को मेरे खिलाफ अनाप शनाप भड़का दिया। जिस पर वो सभी लोग उसके घर आए और आते ही उसके साथ मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया, शोर शराबे की आवाज सुनकर जब पड़ोसी उसके घर आए तो वो लोग वहां से निकल गए। पीड़ित महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इस मामले में त्वरित न्याय की गुहार लगायी।
