चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में स्पोर्ट्स स्टेडियम में 1800 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य आयोजन किया गया। स्वस्थ आयु के लिये योग थीम के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने सहभागिता कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में नगर पालिका परिषद की चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, गौरव स्वरूप सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा में जनजागरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोगी रहता है, मानसिक तनाव दूर होता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने जनपदवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के कोलकाता से प्रसारित संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे स्टेडियम में उपस्थित सभी लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री ने योग को वैश्विक स्तर पर भारत की अमूल्य देन बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इसके पश्चात योग प्रशिक्षक विजय कुमार, वर्षा चौधरी एवं अनुज कुमार के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास में लगभग 1800 लोगों ने एक साथ भाग लेकर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी, पूर्व अध्यक्ष आयुष बोर्ड डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, रालोद के मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, प्रदीप सैनी तथा भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनपद के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया, जबकि अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जनपद में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह का प्रतीक बनकर सामने आया। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।






