भाकियू प्रवक्ता ने नए गठबंधन पर कहा-ये लोग भाजपा सरकार के आदमी, गुमराह न हो मुसलमान
मुजफ्फरनगर। यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आसपा प्रमुख नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने गठबंधन कर लिया है। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत का बयान सामने आया है। उन्होंने इस गठबंधन को गलत बताते हुए कहा कि चंद्रशेखर को औवेसी के साथ नहीं आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि ये लोग सरकार के आदमी हैं, ऐसे में मुसलमानों को भी इनके सहारे गुमराह होने की जरूरत नहीं है। राकेश टिकैत का बयान अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद आया है।
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सांसद असदुद्दीन ओवैसी भाजपा सरकार के आदमी हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर को उनसे दूर रहना चाहिए था। टिकैत ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी केवल पूर्व सीएम अखिलेश यादव के खिलाफ बोलते हैं। वो कैराना से तीन बार से लगातार मुस्लिम विधायक नाहिद हसन और वहीं की लोकसभा सीट से सांसद इकरा हसन के खिलाफ भी बोलकर गये हैं, इससे मुस्लिमों को उनकी नीति को समझना चाहिए, मुसलमानों को ओवैसी के चक्कर में पड़कर भ्रमित नहीं होना चाहिए। टिकैत के अनुसार, यदि चुनाव में बेईमानी हुई तो विपक्ष नहीं, बल्कि सरकार जीतेगी। ईमानदारी से चुनाव कराये गये तो विपक्ष जीत जाएगा। एसआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सरकार की तरफ पक्षपात का ही एक रूप है।
औवेसी-आजाद ने बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा, चंद्रशेखर सीएम फेस
उल्लेखनीय है कि नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गुरूवार को यूपी में नए गठबंधन की घोषणा कर दी है। नए गठबंधन के घोषित किए गए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मुख्यमंत्री पद का चेहरा चंद्रशेखर आजाद को बनाया गया है। चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन की पहली रैली लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में करने का ऐलान किया है। बता दें कि ये वही मैदान हैं, जहां पर बसपा सुप्रीमो मायावती रैलियां करती रही हैं।
इस गठबंधन की नजर प्रदेश में दलित और मुस्लिम समाज के वोटबैंक पर है। दलित समाज ने लोकसभा के चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन की तरफ रुझान दिखाया था। प्रदेश में बसपा के कमजोर होने के साथ ही अब चंद्रशेखर की नजर भी दलित वोटबैंक पर है। शायद इसीलिए उन्होंने 26 नवंबर को पहली रैली रमाबाई आंबेडकर मैदान में करने का एलान कर दलित समाज को संदेश देने की कोशिश की है। इस मैदान पर बसपा की रैलियां होती रही हैं। ओवैसी ने गठबंधन की घोषणा के अवसर पर कहा कि इन चुनाव में बीजेपी को रोकने के साथ ही बेरोजगारों, किसानों के मुद्दों पर हमारी लड़ाई होगी। ये मोर्चा भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प बनेगा।
