किसानों के कई प्रमुख मुद्दों पर लखनऊ में हुई सपा अध्यक्ष के साथ सीधी चर्चा, अखिलेश बोले- पीडीए में अन्नदाता भी शामिल है
राकेश टिकैत ने सपा प्रमुख से मुलाकात को बताया किसानों के हितों से जुड़ा संवाद, राजनीतिक महत्वाकांक्षा से किया इनकार
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के नेता चौधरी राकेश टिकैत की समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में हुई मुलाकात ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। दोनों नेताओं के बीच किसानों की समस्याओं और प्रदेश में कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। हालांकि इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं, लेकिन राकेश टिकैत ने इसे किसी राजनीतिक उद्देश्य या महत्वाकांक्षा से जोड़ने से इनकार किया है।
समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान को लेकर चर्चा के बीच हुई इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए किसानों के मुद्दों को पीडीए की राजनीति से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि खेतों और गांवों में खुशहाली तभी आ सकती है, जब किसान और किसानी को मेहनत का सम्मान मिलने के साथ उनकी उपज का उचित मूल्य भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान वर्ग सबसे अधिक परेशान है और किसानों की समस्याओं पर राकेश टिकैत के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में पीडीए की परिभाषा को व्यापक रूप देते हुए कहा कि पीड़ित वर्ग ही पीडीए का हिस्सा है और इसमें शामिल ए के स्वरूप में अन्नदाता यानी किसान भी शामिल हैं। उन्होंने किसानों के बढ़ते समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि पीडीए को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का लक्ष्य है। उनका संदेश था कि जब खेत खुशहाल होंगे, तभी देश में वास्तविक समृद्धि आएगी। इस बयान के जरिए सपा प्रमुख ने किसान वर्ग को अपने पीडीए अभियान से जोड़ने का राजनीतिक और सामाजिक संदेश दिया। राकेश टिकैत और अखिलेश यादव की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। ऐसे में किसान नेता की सपा प्रमुख से मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसे किसानों के बीच सपा की पहुंच बढ़ाने और पीडीए अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार देने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
हालांकि राकेश टिकैत ने मुलाकात को राजनीतिक चश्मे से देखने से इनकार करते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य प्रदेश के किसानों की समस्याओं को उठाना और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था। उनके मुताबिक, किसानों की समस्याएं किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं हैं। किसान अपनी फसल के उचित दाम, कृषि लागत, बिजली, सिंचाई और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में किसान नेताओं और राजनीतिक दलों के प्रमुखों के बीच किसानों के मुद्दों पर बातचीत होना स्वाभाविक है। फिलहाल इस मुलाकात ने किसान राजनीति और समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान के बीच संभावित तालमेल को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
