शामली में भाईदूज पर बहन के घर में मुजफ्फरनगर के युवक की हत्या!

बहन के घर तिलक कराने गया था कूकड़ा का अंकुश, परिजनों ने दामाद समेत ससुराल वालों पर लगाया हत्या करने का आरोप, पोस्टमार्टम हाउस पर किया हंगामा

मुजफ्फरनगर/शामली। मुजफ्फरनगर जनपद के निवासी अंकुश अपनी बहन के घर शामली के बनत में तिलक कराने आया था। संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को परिजनों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद बहन के पति समेत ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई।

आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत में भैयादूज पर बहन के घर आए छात्र अंकुश की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। उधर, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में रंगदारी-लूट केस में हिंदूवादी संगठन का युवा नेता गिरफ्तार

बताया गया है कि मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के मोहल्ला कमलनगर कूकड़ा मंडी निवासी अंकुश (22) बुधवार दोपहर कस्बा बनत में अपनी बहन मनीषा के घर तिलक कराने आया था। शाम को अंकुश अपनी बहन के घर के बाहर घायल अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। रात में परिजन शामली पहुंचे और मनीषा की ससुराल वालों पर अंकुश की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-अफसरों की अनदेखी से नाराज किसानों ने घेरा विकास भवन

बृहस्पतिवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और हंगामा करते हुए पानीपत खटीमा हाईवे जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हुए। शामली के एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि अंकुश के पिता मदनपाल की तहरीर पर अंकुश की बहन के पति, देवर, सास-ससुर समेत छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  मावा आढ़तियों ने व्यापारी नेता कृष्णगोपाल मित्तल को बताया ब्लैकमेलर
Share This Article