शहर कोतवाली पुलिस ने चरथावल रोड पर चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 किलो 440 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन, एसपी सिटी अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में 11 नवंबर की रात कोतवाली नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चरथावल रोड पर मदरसे से आगे एक व्यक्ति गांजे की तस्करी के लिए मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ फौजी निवासी रामलीला टिल्ला, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर ऊंचे दामों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा और उपनिरीक्षक गोविंद चौधरी की टीम ने गिरफ्तारी की। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
