12 से 14 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय प्रशिक्षण, आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता बनाए रखने के दिए निर्देश
मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 की तैयारियों को गति देते हुए तहसील सदर के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के तीसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से शुरू हो गया। 12, 13 और 14 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है। प्रशिक्षण के शुभारंभ पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने एसडी पब्लिक स्कूल, भोपा रोड स्थित प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रथम और द्वितीय पाली में चल रहे प्रशिक्षण सत्रों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षुओं से सीधे संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उनकी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इससे जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी। जनगणना के दौरान एकत्र किए जाने वाले आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गलत जानकारी की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
एडीएम ने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे संवादात्मक बनाया जाए। पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को जनगणना से जुड़े प्रत्येक तकनीकी पहलू की जानकारी सरल भाषा में दी जाए, ताकि उन्हें मैदानी स्तर पर काम करते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं की शंकाओं और जिज्ञासाओं का मौके पर ही समाधान किया जाए, जिससे गणना कार्य के दौरान गलतियों की संभावना कम हो सके। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता के साथ उनकी गोपनीयता बनाए रखने को भी प्राथमिकता बताया। प्रगणकों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सूचनाएं संकलित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील सदर के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के प्रशिक्षण को तीन बैचों में विभाजित किया गया है। पहले बैच का प्रशिक्षण 26 से 28 अक्टूबर तक तथा दूसरे बैच का प्रशिक्षण 4 से 6 नवंबर तक आयोजित किया जा चुका है। अब तीसरे बैच का प्रशिक्षण 12 से 14 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण स्थल पर प्रशिक्षुओं के लिए शुद्ध पेयजल, जलपान और खानपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एडीएम ने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से ही कर्मचारी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। इस दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स तथा बड़ी संख्या में पर्यवेक्षक और प्रगणक मौजूद रहे।
