मुजफ्फरनगर-जिला चिकित्सालय में आधुनिक लॉन्ड्री का शुभारंभ

इंडस्ट्रियल वाशिंग मशीन आने से अब रोजाना 200 चादरों की हो सकेगी धुलाई, मरीजों को मिलेंगी अधिक स्वच्छ चादरें, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्ता में होगा सुधार

मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर एवं स्वच्छ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल परिसर में आधुनिक लॉन्ड्री की स्थापना कर उसका शुभारंभ कर दिया गया। इस नई व्यवस्था से अब अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपयोग होने वाली चादरों की वैज्ञानिक एवं उच्च गुणवत्ता के साथ धुलाई हो सकेगी, जिससे मरीजों को साफ-सुथरी चादरें उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी और संक्रमण के खतरे को भी कम किया जा सकेगा।

इसे भी पढ़ें:  लुटेरे बदमाश को मुठभेड़ में लगी पुलिस की गोली, दो साथी फरार

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. संजय वर्मा ने आधुनिक लॉन्ड्री का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। आधुनिक मशीनों से धुली चादरें न केवल साफ-सफाई के बेहतर मानकों को सुनिश्चित करेंगी, बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन लगभग 150 से अधिक चादरों का उपयोग होता है, जिन्हें अब तक ठेके के माध्यम से बाहर धुलवाया जाता था। शासन के निर्देश पर अब चादरों की धुलाई की जिम्मेदारी जॉनी केयर कंपनी को सौंपी गई है, जिसने अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक लॉन्ड्री स्थापित की है। यहां लगाई गई इंडस्ट्रियल वाशिंग मशीन के माध्यम से प्रतिदिन 150 से 200 मैली चादरों की धुलाई की जा सकेगी।

इसे भी पढ़ें:  झांसी हत्याकांड: रिटायर्ड रेलकर्मी ने प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े जलाए, नीले बॉक्स से खुला राज

नई व्यवस्था से चादरों की समयबद्ध धुलाई, बेहतर गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित होगी। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इससे मरीजों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ संक्रमण नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. योगेन्द्र त्रिखा, डॉ. जावेद हुसैन, डॉ. नीरज, डॉ. पी.के. चतुर्वेदी, डॉ. उमंग, डॉ. फैसल सिद्दीकी, फार्मासिस्ट अनिल कुमार तथा मोहम्मद हारून सहित चिकित्सालय के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने आधुनिक लॉन्ड्री की शुरुआत को अस्पताल की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सुधार बताते हुए इसे मरीजों के हित में एक सराहनीय पहल बताया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में ऑनलाइन ठगी गिरोह का खुलासा, फर्जी CBI-कस्टम अफसर बनकर युवती से ऐंठे 5 लाख; 2 गिरफ्तार
Share This Article