नगर स्वास्थ्य अधिकारी अनु चौधरी की पालिका से छुट्टी, अतुल कुमार की वापसी

नकारात्मक कार्यप्रणाली को लेकर चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप की नाराजगी पड़ी भारी, सीएमओ ने जारी किए आदेश, अतुल पांचवीं बार संभालेंगे पालिका में एनएसए का दायित्व

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनात डॉ. अनु चौधरी को आखिरकार उनकी नकारात्मक कार्यप्रणाली के कारण हटा दिया गया है। कई बार चेयरमैन ने शिकायतों के आधार पर उनको सुधार के लिए चेतावनी दी, लेकिन मनमानी करने में व्यस्त रहे डॉ. अनु चौधरी नहीं सुधरे तो गाज गिर ही गई। उनके स्थान पर पीएचसी पीनना में तैनात डॉ. अतुल कुमार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। डॉ. अतुल कुमार बुधवार को नगरपालिका पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। डॉ. अतुल कुमार इससे पहले भी नगरपालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। करीब छह साल के दौरान यह पांचवीं बार है, जब उन्हें इस पद पर जिम्मेदारी मिली है।

इसे भी पढ़ें:  भगवान के प्रति प्रेम और वैराग्य ही मनुष्य को सांसारिक बंधनों से मुक्त कर सकता: हिमेश शास्त्री

नगरपालिका के पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही को भ्रष्टाचार सहित अन्य गंभीर आरोपों के चलते हटाए जाने के बाद सीएमओ ने चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप के आग्रह पर स्वासथ्य विभाग में एमओआईसी के पद पर कार्यरत रहे डॉ. अनु चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। शुरुआत में उनका कामकाज सामान्य रहा, लेकिन बाद में उनकी कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आने लगीं। विभागीय जिम्मेदारियों और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी चेयरमैन उनसे नाराज बताई जा रही थीं। पिछले दिनों डॉ. अनु चौधरी पर चार-पांच वार्डों में लंबे समय से आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को हटवाने और उनके स्थान पर अपने परिचित लोगों को लगवाने के लिए ठेकेदार पर दबाव बनाने के आरोप लगे थे। हटाये गये आउत्सोर्स सफाई कर्मियों को साथ लेकर इस मामले में सफाई कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताते हुए चेयरमैन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

इसे भी पढ़ें:  सरकार के दखल के बाद भी किराये में मनमानी जारी, 45 हजार का बिका मुंबई का टिकट

शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण के लिए नगरपालिका ने करीब दो हजार स्ट्रीट डॉग को पकड़कर उनकी नसबंदी और टीकाकरण का अभियान चलाया था। इस कार्य में भी लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर डॉ. अनु चौधरी पर सवाल उठे थे। इसके अलावा अन्य शिकायतों को लेकर चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने उन्हें कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी थी। बताया जाता है कि सुधार नहीं होने पर चेयरमैन ने सीएमओ को पत्र भेजकर डॉ. अनु चौधरी को नगरपालिका से हटाने और उनके स्थान पर दूसरे अधिकारी की तैनाती का आग्रह किया था। इसके बाद सीएमओ ने उन्हें नगरपालिका के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर स्वास्थ्य विभाग में वापस बुला लिया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर डॉ. अतुल कुमार की तैनाती से नगरपालिका में नई व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इस पद पर वो काफी चर्चित चेहरा रहे हैं। हालांकि, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि उन्हें नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु के तबादले के संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। अवकाश के कारण वह बाहर हैं और बुधवार को ही इस संबंध में जानकारी मिल सकेगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-प्रिंस मेटल फैक्ट्री में छापा, पकड़ी गई बड़ी जीएसटी चोरी
Share This Article