40 हजार रुपये मजदूरी मांगने पर मिस्त्री से मारपीट, जान से मारने की धमकी

खतौली। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव चंदसीना में बकाया मजदूरी के 40 हजार रुपये मांगने गए एक निर्माण मिस्त्री के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो भाइयों और एक महिला पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने रतनपुरी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की है। सहारनपुर जनपद के थाना देहात क्षेत्र के गांव शेखपुरा निवासी अब्दुल रहमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पेशे से निर्माण मिस्त्री है। उसने रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव चंदसीना निवासी माजिद पुत्र यामीन और काला पुत्र यामीन के यहां 10 नवंबर से 23 नवंबर तक चिनाई का काम किया था। इस काम की कुल 40 हजार रुपये मजदूरी तय हुई थी, जिसका भुगतान काम पूरा होने के बाद किया जाना था।आरोप है कि 23 नवंबर की शाम करीब पांच बजे अब्दुल रहमान अपनी मजदूरी के रुपये मांगने माजिद और काला के घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने मजदूरी देने से इनकार कर दिया। अपने मेहनताने की मांग करने पर माजिद, काला और उनकी पत्नी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की। हमले में उसके सिर, हाथ और पीठ पर चोटें आईं। आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उसकी बकाया 40 हजार रुपये की मजदूरी दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-खेतों से लौटते किसान को मारी गोली, गंभीर घायल
Share This Article