पत्नी ने जारी वीडियो जारी कर लगाए आरोप, स्वामी यशवीर ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मुजफ्फरनगर। देवबंद निवासी एक दलित युवक के कथित धर्मांतरण को लेकर नया विवाद सामने आया है। यह मामला तब गरमा गया जब युवक की पत्नी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने एक मुस्लिम परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद योग साधना यशवीर आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने भी इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वायरल वीडियो में युवक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम परिवार ने प्रेम संबंधों के जरिए उसके पति को प्रभावित किया और अपने साथ ले गया, जहां कथित तौर पर उसका धर्मांतरण कराया गया। महिला का दावा है कि बाद में उसके परिवार से ब्लैकमेलिंग कर पैसे लिए गए। पैसे मिलना बंद होने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया।
स्वामी यशवीर महाराज ने इस मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि युवक का धर्मांतरण मुजफ्फरनगर के सरवट क्षेत्र में हुआ है, तो इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
स्वामी यशवीर ने जोर दिया कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आनी चाहिए। स्वामी यशवीर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इस मामले का संज्ञान लेने और धर्मांतरण संबंधी आरोपों की गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल, पुलिस की ओर से धर्मांतरण संबंधी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






