पूर्व सभासद ने स्वयं को प्रतिमा स्थल का संयोजक घोषित कर लगा दिया होर्डिंग, संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा के पदाधिकारियों ने पहुंचकर जताया गहरा आक्रोश
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद परिसर स्थित निर्माणाधीन महाराजा अग्रसेन प्रतिमा स्थल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिमा स्थल पर लगाए गए एक पोस्टर में भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद नवनीत कुछल को प्रतिमा निर्माण का संयोजक घोषित किए जाने के बाद वैश्य समाज के विभिन्न संगठनों में नाराजगी फैल गई है। संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा ने इसे समाज की भावनाओं के विपरीत बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
महासभा के अध्यक्ष एवं व्यापारी नेता संजय मित्तल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन स्मारक स्थल का निर्माण कार्य संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा के नेतृत्व में कराया जा रहा है और इसके निर्माण की निगरानी महासभा के पदाधिकारी लगातार कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मारक को लेकर समाज में किसी प्रकार का विवाद नहीं है, लेकिन शनिवार शाम लगाए गए एक पोस्टर ने अनावश्यक स्थिति पैदा कर दी है। संजय मित्तल ने आरोप लगाया कि पूर्व सभासद नवनीत कुछल ने स्मारक स्थल पर होर्डिंग लगाकर स्वयं को महाराजा अग्रसेन स्मारक प्रतिमा स्थल का संयोजक घोषित कर दिया, जबकि इस स्मारक के लिए किसी व्यक्ति विशेष को संयोजक नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा ही इस परियोजना की अधिकृत संयोजक संस्था है और समाज के सहयोग से इसका निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में महासभा के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल तथा नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप से मुलाकात कर टाउनहाल परिसर में महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थान की मांग की थी। मंत्री के प्रस्ताव पर पालिका बोर्ड ने इसे स्वीकृति प्रदान की थी, जिसके बाद यह स्थान महासभा को उपलब्ध कराया गया। संजय मित्तल के अनुसार स्मारक निर्माण का कार्य महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पूर्व विधायक अशोक कंसल की देखरेख में चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरे वैश्य समाज की संपत्ति है और महासभा में शामिल 19 संस्थाओं के सहयोग से इसका निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति स्वयं को इसका संयोजक बताकर व्यक्तिगत प्रचार नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल को दे दी गई है। फिलहाल मंत्री लखनऊ में हैं और उनके मुजफ्फरनगर लौटने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। संजय मित्तल ने यह भी बताया कि स्मारक निर्माण को लेकर पहले समाज की अन्य संस्थाओं के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया था, लेकिन निर्माण का पूरा खर्च वहन करने की जिम्मेदारी सामने आने पर अन्य संस्थाओं ने इससे दूरी बना ली थी। इसके बाद संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा ने आगे बढ़कर स्मारक निर्माण की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाज के आदर्श पुरुष हैं और उनका स्मारक पूरे समाज की आस्था एवं सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा इसे निजी पहचान या प्रचार का माध्यम बनाना समाज स्वीकार नहीं करेगा। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व विधायक अशोक कंसल, संजय मित्तल, सभासद पति शोभित गुप्ता, सुनील सिंघल, दिनेश बंसल, विश्वदीप गोयल आदि मौजूद रहे।






