मुजफ्फरनगर-मुठभेड़ में 13 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर भूरा गिरफ्तार

रथेड़ी कट पर चेकिंग के दौरान नई मंडी पुलिस को देखकर भागा आरोपी, फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और एक कथित गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर मुकीम उर्फ भूरा घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2013 से न्यायालय के वारंट में फरार चल रहा था। उसके कब्जे से तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

नई मंडी सीओ राजू कुमार साव के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात नई मंडी थाना पुलिस रथेड़ी कट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौकशी की घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एक आरोपी मोटरसाइकिल पर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने चेकिंग तेज कर दी और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद नसीरपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय बाइक मोड़कर तेजी से वापस भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान एक तीव्र मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोपी बाइक छोड़कर पास के ईख के खेत में घुस गया।

इसे भी पढ़ें:  मथुरा हत्याकांड: चचेरे भाई ने रची साजिश, पत्नी को मरा समझकर झाड़ियों में फेंका

पुलिस का कहना है कि खेत में घुसने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बच गए। टीम ने आरोपी को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने गोली चलाना जारी रखा। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी मुकीम उर्फ भूरा पुत्र शकील घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, .315 बोर का जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया गया। मौके पर छोड़ी गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इसे भी पढ़ें:  कालाबाजारीः मुजफ्फरनगर से हरियाणा भेजा जा रहा था किसानों को मिलने वाला यूरिया

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मुकीम उर्फ भूरा निवासी निराना, थाना सिखेड़ा का रहने वाला है। वह हिस्ट्रीशीटर है और वर्ष 2013 से न्यायालय के वारंट में फरार चल रहा था। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में की गई। एसपी सिटी अमृत जैन और सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में नई मंडी पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।

इसे भी पढ़ें:  दिग्विजय भाटी प्रकरणः इंस्पेक्टर अखिलेश गौड सहित 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
Share This Article