दिग्विजय भाटी प्रकरणः इंस्पेक्टर अखिलेश गौड सहित 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

मेरठ में नए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की बड़ी कार्रवाई, किसान नेताओं की एसएसपी की शह पर की गई थी पिटाई, कराया था डांस

मेरठ। किसान नेता दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित कुमार जाटव को सिविल लाइंस थाना प्रभारी अखिलेश गौड और अन्य पुलिस कर्मियों द्वारा तत्कालीन एसएसपी की शह पर कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट और यातना दिए जाने के साथ ही डांस कराने के सनसनीखेज मामले में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

इसे भी पढ़ें:  EXCLUSIVE-भलवा कांड में चौंकाने वाला खुलासा, मां नहीं बन सकती थी प्रगति
आरोपी इंस्पेक्टर अखिलेश गौड

बताया जा रहा है कि दोनों किसान नेताओं के साथ एसएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने के आरोपों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। आरोप है कि दोनों एसएसपी से मिलने के लिए गए थे, वहां पर अभद्र व्यवहार किया गया और इसके बाद फिर इनको एसओजी कार्यालय ले जाकर थर्ड डिग्री देते हुए उनके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। मामले में दोनों नेताओं से कथित तौर पर डांस कराने के आरोप भी सामने आए हैं। नए एसएसपी की कार्रवाई के तहत जिन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है, उनमें सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़, उप निरीक्षक मुलायम सिंह, हेड कांस्टेबल हरि ओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम बाबू, कांस्टेबल सुमित कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम लौर और ड्राइवर ललित कुमार शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें:  मेरठ में मां के सामने बेटे की गोली मारकर हत्या, फोन कर घर से बुलाया था बाहर

पुलिस अधिकारियों की इस कार्रवाई को मामले में सामने आए आरोपों को गंभीरता से लेने के तौर पर देखा जा रहा है। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों को अब थाने की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है। मामले में तत्कालीन मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय को भी दो दिन पहले पद से हटा दिया गया था। इसके बाद बीबीजीटीएस मूर्ति ने मेरठ के नए एसएसपी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। पदभार संभालने के बाद किसान नेताओं से जुड़े इस प्रकरण में आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।

पूरे प्रकरण की जांच सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह द्वारा की जा रही है। जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका, थाने में दोनों नेताओं के साथ हुए कथित व्यवहार और लगाए गए आरोपों की परिस्थितियों को देखा जा रहा है। उन्होंने शुक्रवार को मेरठ पहुंचकर मामले में पूछताछ की और बयान भी लिए हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

इसे भी पढ़ें:  गाड़ियों के शोरूम में आग, ऊपर रहने वाले छह परिवार फंसे
Share This Article