मुजफ्फरनगर-छूटे वोटरों को जोड़ने घर-घर पहुंचेगा निर्वाचन विभाग

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र मतदाताओं की होगी पहचान, बीएलओ करेंगे भौतिक सत्यापन, युवा, बेघर और श्रमिकों के नाम जोड़ने के लिए लगेंगे विशेष शिविर

मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज, लेकिन वर्तमान सूची से गायब नामों की पहचान कर उनकी स्थिति का पता लगाया जाएगा। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। इस संबंध में जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा नें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-आकाश कुमार और शाहनवाज राणा के सीए के ठिकाने पर भी ईडी का छापा

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ वर्तमान निर्वाचक नामावली, जो 10 अप्रैल 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित की गई थी, का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पहले की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इसके लिए एक जनवरी 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर सात जनवरी 2025 को प्रकाशित अनन्तिम निर्वाचक नामावली और उसकी पूरक सूचियों का उपयोग किया जाएगा। दोनों सूचियों की तुलना के दौरान ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पुरानी सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान प्रकाशित सूची में शामिल नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। सत्यापन के दौरान यदि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटा हुआ पाया जाता है, तो उसका फार्म-6 भरवाकर नाम शामिल कराने में सहायता की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-ईंट भट्टे से युवती का अपहरण, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बीएलओ को प्रत्येक सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है। इस प्रक्रिया के माध्यम से लगभग एक माह में निर्धारित कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। घर-घर भ्रमण के दौरान पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं और अन्य छूटे हुए नागरिकों के आवेदन भरवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तैयार की गई तुलनात्मक सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा करेगा। ताकि वे भी मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए आवश्यक पहल कर सकें।

बेघर और श्रमिक वोटरों के लिए लगेंगे विशेष शिविर

मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक कॉलोनियों और उन स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां आश्रयहीन तथा मुख्यधारा से अलग रह रहे लोग निवास करते हैं। इन शिविरों के माध्यम से ऐसे नागरिकों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन भरवाए जाएंगे। प्रशासन की ओर से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षण संस्थानों, स्थानीय जनसंपर्क, स्वीप गतिविधियों, नियमित प्रेस ब्रीफिंग और अन्य माध्यमों का सहारा लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

इसे भी पढ़ें:  प्रेम सम्बंध का अंतः सहारनपुर में विवाहित प्रेमिका और प्रेमी ने खाया जहर
Share This Article