हाउस अरेस्ट करने के प्रयास का विरोध कर समर्थकों के साथ निकले सपा विधायक, महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली कूच
मुजफ्फरनगर। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक को रोकने के लिए पुलिस उनके प्रेमपुरी स्थित आवास पर पहुंच गई। पुलिस ने विधायक को घर पर ही रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। विधायक ने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी कीमत पर दिल्ली जाने का कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगे। इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ आवास से निकले और महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पहुंचकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने के लिए सपा विधायक पंकज मलिक को रविवार को दिल्ली जाना था। इससे पहले शहर कोतवाली पुलिस के कई दरोगा भारी पुलिस बल के साथ उनके प्रेमपुरी स्थित आवास पर पहुंच गए। पुलिस ने विधायक को घेरकर दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच हुई नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पंकज मलिक अपने समर्थकों के साथ आवास से बाहर निकलने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

इस दौरान विधायक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के लोगों को भी देश में अपनी बात रखने और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रैली आयोजित की जा रही है और उसमें शामिल होने से उन्हें रोकने का पुलिस के पास क्या आधार है? वह कोई दंगा या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाला काम करने नहीं जा रहे हैं। पंकज मलिक ने पुलिसकर्मियों से उन्हें रोकने के आदेश के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि वह कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं, इसलिए उन्हें दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
सपा विधायक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लोग खुलेआम उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला दहन करते हैं, लेकिन उस समय पुलिस उन्हें रोकने के लिए आगे नहीं आती और न ही मुकदमा दर्ज किया जाता है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और कहा कि विपक्ष के नेताओं के साथ अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए। पुलिस के रोकने के प्रयासों के बीच विधायक पंकज मलिक अपने समर्थकों के साथ आवास से निकलने में सफल रहे। इसके बाद वह महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंचे। यहां सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, नगराध्यक्ष पुष्पेंद्र उर्फ बॉबी त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कुछ देर बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ वाहनों के काफिले में दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि पुलिस ने इससे पहले रात में भी कुछ सपा नेताओं की घेराबंदी कर उन्हें दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास किया था। हालांकि, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल्ली कूच के कार्यक्रम को रोकने के पुलिस के प्रयास सफल नहीं हो सके।
