दादूपुर डबल मर्डरः शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस का विरोध

पुरानी अदावत में दोहरी हत्या से दहला पुरकाजी का गांव, शव लेकर घर पहुंचे परिजनों के साथ धरने पर बैठे ग्रामीण, बाइक सवार बदमाशों ने मारी थी गोली

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के गांव दादूपुर में हथियारबंद हमलावरों ने पिता-पुत्र पर गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोहरी हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  एमजी पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, नन्हे-मुन्नों ने जीता मन

मृतकों की पहचान सिक्ख समाज के सरदार सुखजिंदर सिंह और उनके पुत्र मुख्तियार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों को निशाना बनाकर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। लहूलुहान हालत में पड़े पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-कलेक्ट्रेट में नए डीएम दफ्तर के निर्माण को गहन मंथन

अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद परिजन दोनों के शव लेकर वापस गांव पहुंच गए। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। कई घंटे बीतने के बाद भी परिजन शव उठाने के लिए तैयार नहीं हुए। मौके पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।

इसे भी पढ़ें:  जयंत चौधरी के आने से पहले भाकियू नेताओं पर शिकंजा

दोहरी हत्या की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। पुलिस हमलावरों की तलाश और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। गांव में एक साथ पिता-पुत्र की हत्या से शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों के सामने फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की चुनौती है।

Share This Article