एमजी पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, नन्हे-मुन्नों ने जीता मन

भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, राधा-कृष्ण प्रेम और कृष्ण-सुदामा मित्रता ने मोहा मन, वृंदावन और बरसाना की धार्मिक संस्कृति की दिखी झलक

मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर के उपलक्ष पर भव्य एवं मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राइमरी विंग के नन्हे विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया।

एम.जी. पब्लिक स्कूल में आयोजित हुए कार्यक्रम में पधारे अभिभावकों को बच्चों द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी थीम पर तैयार किए गए हैंड मेड बैज लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण जन्म, उनकी बाल लीलाओं, श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता तथा राधा-कृष्ण के प्रेम पर आधारित मनमोहक मंचीय प्रस्तुतियां दीं। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति में एलकेजी कक्षा के बच्चों की भावपूर्ण अभिनय कला ने सभी को प्रभावित किया। इसके साथ ही भजन, गीत और नृत्य आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन जीत लिया। नन्हे बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और मनमोहक नृत्य ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-टीम एमपीएल के टूर्नामेंट में आएंगे तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार

कार्यक्रम में प्राइमरी विंग में नर्सरी, केजी से कक्षा-5 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंचीय प्रस्तुतियों में वृंदावन और बरसाना की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके जीवन दर्शन तथा आदर्श संदेशों को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में जन्माष्टमी की थीम पर विशेष सजावट की गई थी। पूरा विद्यालय परिसर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और जन्माष्टमी के उल्लास से सराबोर नजर आया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए विद्यालय में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां विद्यार्थियों और अभिभावकों ने तस्वीरें लेकर इस विशेष अवसर की यादों को संजोया।

इसे भी पढ़ें:  अन्तर्जनपदीय गैंग के तीन शातिर टप्पेबाज दबोचे

प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने में भी सहायक होते हैं। बच्चों के शैक्षिक विकास के लिए उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के बीच सकारात्मक समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। माता-पिता को बच्चों को समय देने और उनको मोबाइल की आदत से बचाने के लिए परिवार से जोड़ने का संदेश भी दिया। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। संचालन शिक्षिका वैशाली भारद्वाज ने की तथा एंकरिंग छात्र अथर्व सिंह और छात्रा शिविका भारद्वाज द्वारा की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य सहयोगी स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद में अवैध मीट की दुकानों पर चला प्रशासन का चेकिंग अभियान, एक दुकान का चालान
Share This Article