अमोनियम सल्फेट उर्वरक की भ्रामक बिक्री पर रोक की मांग

संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ विक्रेता अमोनियम सल्फेट की वास्तविक उपयोगिता स्पष्ट किए बिना उसकी बिक्री कर रहे हैं

भाकियू (अराजनैतिक) ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों के हितों से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को ज्ञापन सौंपकर अमोनियम सल्फेट उर्वरक की कथित भ्रामक बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

संगठन के जिलाध्यक्ष सुधीर पंवार के नेतृत्व में किसानों ने गुरूवार को किए गए प्रदर्शन में प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में सरकारी व्यवस्था के तहत किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जाने वाले उर्वरकों की खरीद के दौरान अधिकांश किसान पैकेट पर अंकित तकनीकी विवरण और पोषक तत्वों की जानकारी पर विशेष ध्यान नहीं देते। इसी का लाभ उठाकर कुछ स्थानों पर अमोनियम सल्फेट उर्वरक को इस प्रकार प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे किसान उसे संपूर्ण उर्वरक मानकर खरीद रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  दुबई और कुवैत में रहने वाले दो लोगों के नाम पर रामपुर में एसआईआर फॉर्म जमा, जांच के बाद मुकदमा दर्ज

भाकियू (अराजनैतिक) का कहना है कि अमोनियम सल्फेट में मुख्य रूप से नाइट्रोजन एवं सल्फर तत्व पाए जाते हैं, जबकि गन्ना जैसी फसलों के लिए नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटाश तीनों प्रमुख पोषक तत्व आवश्यक होते हैं। ऐसे में यदि किसान केवल अमोनियम सल्फेट का प्रयोग करेंगे तो फसल की उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इसे भी पढ़ें:  लोकतंत्र की आवाज़ को दबा रही है भाजपा सरकारः हरेंद्र मलिक

संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ विक्रेता अमोनियम सल्फेट की वास्तविक उपयोगिता स्पष्ट किए बिना उसकी बिक्री कर रहे हैं, जिससे किसानों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। यह न केवल किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है, बल्कि कृषि उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने योगी सरकार से मांग की कि अमोनियम सल्फेट उर्वरक की भ्रामक बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के अंतर्गत दोषी विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को सही जानकारी के साथ गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध हो सके। इस प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर पंवार के साथ मुख्य रूप से संजीव सहरावत, मोहसीन अंसारी, शहजाद राव, प्रमेन्द्र सहरावत, धर्मेन्द्र सिंह, राधेश्याम त्यागी, कपिल राठी, अंकित जावला, विवेक भाटी, योगेन्द्र सिंह सहित अन्य किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  सीआईआईआईटी शिलान्यास-पांच युवाओं को मिला रोजगार, 21 टॉपर को किया सम्मानित
Share This Article