Deoband News: देवबंद में निहंग सिंह भाइयों पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समूह संगत ने शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। धरने में किसान यूनियनों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और तल्हेड़ी चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
समूह साध संगत जिला सहारनपुर के बैनर तले हुए धरने का नेतृत्व बाबा रणजीत सिंह पनियाली ने किया। उन्होंने कहा कि तल्हेड़ी में निहंग सिंह भाइयों पर हुए हमले के बाद भी पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। उनका आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर संगत को बार-बार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है।
तल्हेड़ी चौकी प्रभारी की कार्यशैली पर उठाए सवाल
धरने को संबोधित करते हुए भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह ने कहा कि पूरे मामले में तल्हेड़ी पुलिस चौकी प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर समाज में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिला तो किसान यूनियन सिख समाज के साथ खड़ी होकर आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान सुजसबीर सिंह, महामंत्री अमनदीप सिंह, देवबंद गुरुद्वारा प्रधान सेठ कुलदीप कुमार, रामपुर मनिहारान गुरुद्वारा प्रधान मनजिंदर सिंह, नानौता प्रधान भूपेंद्र सिंह, पूर्व विधायक शशि बाला पुंडीर, जागती जमीर मोर्चा मुजफ्फरनगर के चेयरमैन हन्नी सेखों, भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह, परविंदर सिंह, कालूराम प्रधान, चंद्रजीत सिंह निक्कू, सपा नेता टिंकू अरोड़ा, अरुण राणा और पंजाबी समाज अध्यक्ष सतीश गिरधर समेत कई वक्ताओं ने भी धरने को संबोधित किया।
सीओ ने दो दिन में कार्रवाई का दिया आश्वासन
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए धरने पर दोपहर में एसडीएम विजय प्रताप सिंह और सीओ अभितेष सिंह पहुंचे। धरना दे रहे लोगों ने अधिकारियों के सामने पुलिस की कार्रवाई पर रोष जताया और तल्हेड़ी चौकी प्रभारी लोकेश राणा के निलंबन तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी।
सीओ अभितेष सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तल्हेड़ी चौकी प्रभारी के निलंबन के संबंध में रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही गई। इस आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
कार्रवाई न हुई तो 16 जून को फिर आंदोलन की चेतावनी
बाबा रणजीत सिंह पनियाली ने कहा कि संगत ने प्रशासन के आश्वासन पर धरना समाप्त किया है, लेकिन यदि इस बार भी वादा पूरा नहीं हुआ तो 16 जून को दोबारा और तेज आंदोलन किया जाएगा। धरने की अध्यक्षता बाबा छबेग सिंह कोटा ने की, जबकि संचालन पनियाली गुरुद्वारा कमेटी के सचिव हरजीत सिंह और देवबंद गुरुद्वारा कमेटी के सचिव गुरजोत सिंह सेठी ने किया।
धरना समाप्त होने के बाद न्याय की मांग को लेकर सुबह से अन्न-जल त्यागकर बैठे युवक चरणप्रीत का अनशन भी समाप्त कराया गया। सीओ अभितेष सिंह ने उन्हें पानी पिलाकर अनशन तुड़वाया।
धरने को जिले की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के अलावा भाकियू टिकैत, भाकियू वर्मा, सनातन सभा ट्रस्ट, नगर उद्योग व्यापार मंडल, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नागल व्यापार मंडल सहित कई संगठनों का समर्थन मिला। इस दौरान बाबा अजीत सिंह, बाबा गुलजार सिंह, बाबा विजय सिंह, बालेंद्र सिंह, सर्वजीत सिंह धीर, डॉ. गुरदीप सिंह सोढी, कर्मजीत सिंह एडवोकेट, राजेश अजमानी, बलदीप सिंह, राघव दास अग्रवाल, मनोज सिंघल, कुणाल गिरधर, सचिन छाबड़ा, मनजोत सिंह, हरविंदर सिंह बेदी, जसमीत सिंह बराड़, लाडी सरसावा, सुरजीत सिंह फंदपुरी, रवि रंगूला, कपिल डाबर, संतोष सिंह, श्याम लाल भारती, प्रभजोत सिंह, रवि होरा, मंगू सचदेवा, ईश्वर उपाध्याय, रिच्छपाल सिंह और लाडी कपूर गंगोह आदि मौजूद रहे।






