कूकड़ा को विकास की सौगात, 28 लाख की लागत से बने पार्क का उद्घाटन

पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का नागरिकों ने किया अभिनंदन, बच्चों और बुजुर्गों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ पार्क

मुजफ्फरनगर। नगर के वार्ड संख्या 17 के अन्तर्गत कूकड़ा (हरीपुरम) क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने नव-निर्मित पार्क का उद्घाटन किया। लंबे समय तक कूड़ा-करकट के ढेर के रूप में उपयोग होने वाली पालिका भूमि अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक पार्क में बदल गई है और कूकड़ा विकास की सौगात से जगमगा उठा। पार्क के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का नागरिक अभिनंदन कर उनके विकास कार्यों की सराहना की।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-कमलनगर में कुत्ते पर बाइक चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार

नगरपालिका परिषद द्वारा राज्य वित्त आयोग की मद से लगभग 28 लाख रुपये की लागत से कूकड़ा स्थित सरकारी भूमि पर इस सुन्दर पार्क का निर्माण कराया गया है। जिस भूमि पर पहले कूड़ा डाला जाता था, उसे विकसित कर एक सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थल का रूप दिया गया है। पार्क में बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए गए हैं, वहीं नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम की व्यवस्था भी की गई है।

पार्क को आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था से सजाया गया है। पाथ-वे के किनारे प्रकाश की विशेष व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटें तथा सोलर लाइटें लगाई गई हैं। भूमि की सुरक्षा के लिए चारदीवारी का निर्माण कराया गया है, जिस पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाई गई हैं। आगंतुकों के बैठने के लिए आठ बेंच स्थापित की गई हैं तथा व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पार्क को हरित स्वरूप प्रदान किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  लालवाला विवाद के बीच नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद हाउस अरेस्ट

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार हेतु नगर पालिका परिषद निरंतर कार्यरत है। हमारा प्रयास है कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने भाग लिया तथा क्षेत्र को मिली इस सौगात के लिए नगरपालिका परिषद का आभार व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें:  सर्द रात में अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद जगा प्रशासन, कूड़े भरे तीन ट्रक जब्त

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि पार्क बनने से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हुआ है। उद्घाटन समारोह में सभासद प्रशांत गौतम सहित विपिन शर्मा, राहुल शर्मा, सुशील गोयल, शिव कुमार, अमित शास्त्री (मंडल अध्यक्ष कूकड़ा), अमित शर्मा, अनित गुप्ता, हिमांशी गौतम तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read This