सीएमएस की शिकायत के बाद सीएमओ ने जारी किए आदेश, विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार को खतौली, संजीव लांबा को मखियाली और कृष्ण कुमार को जिला अस्पताल भेजा
मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय के दंत विभाग में चिकित्सक और कर्मचारी के बीच चल रहे आपसी मतभेदों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभागीय कार्यप्रणाली और अस्पताल के माहौल पर प्रतिकूल असर पड़ने की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तीन चिकित्सा कर्मियों के कार्यस्थल बदलने के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खतौली, डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा को सीएचसी मखियाली और वहां तैनात कृष्ण कुमार को जिला चिकित्सालय में संबद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के दंत विभाग में काफी समय से परामर्शदाता (दंत) डॉ. नीरज कुमार और डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा के बीच तालमेल की कमी बनी हुई थी। दोनों के बीच आपसी समन्वय नहीं होने के कारण विभागीय कामकाज प्रभावित होने और चिकित्सालय का वातावरण खराब होने की आशंका जताई गई थी। इस संबंध में जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह ने सात नवंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया था।
सीएमएस की ओर से भेजे गए पत्र को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने प्रशासनिक स्तर पर तैनाती में बदलाव का निर्णय लिया। जारी आदेश के अनुसार डॉ. नीरज कुमार को जिला चिकित्सालय से हटाकर सीएचसी खतौली भेजा गया है। वहीं, डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा को सीएचसी मखियाली में संबद्ध किया गया है। मखियाली में तैनात डेंटल हाईजिनिस्ट कृष्ण कुमार को जिला अस्पताल में नई जिम्मेदारी दी गई है। तीनों को अग्रिम आदेशों तक नए कार्यस्थल पर संबद्ध किया गया है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से पुराने कार्यस्थल से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने संबंधी प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले को जिला अस्पताल के दंत विभाग में कार्यव्यवस्था सामान्य बनाए रखने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य आपसी मतभेदों के चलते चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर असर पड़ने से रोकना है। सीएमएस डॉ. भुजवीर सिंह ने बताया कि डॉ. नीरज कुमार और डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा के बीच आपसी तालमेल नहीं बन पा रहा था। इससे कार्य भी प्रभावित हो रहा था और आये दिन विवाद बना रहता था। इस स्थिति से सीएमओ को अवगत कराया गया था। इसके बाद विभागीय व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों के कार्यस्थल बदलने का निर्णय लिया गया।
