मुजफ्फरनगर–सपाइयों ने मनाया नेताजी का बर्थ-डे, संघर्ष को किया याद

स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यालय में जुटे कार्यकर्ता, महावीर चौक पर किया फल वितरण

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर रविवार को जिला सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष जिया चौधरी की अध्यक्षता में हुई विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद हरेन्द्र मलिक, पूर्व सांसद राजपाल सैनी सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। वक्ताओं ने नेताजी के राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और जनहित से जुड़े कार्यों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-मुर्गों की लड़ाई में हो रही सट्टेबाजी पर पुलिस का शिकंजा

सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने जमीन से जुड़े नेता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने किसानों, मजदूरों, गरीबों और आम जनता की समस्याओं को राजनीतिक मंच पर मजबूती से उठाया। मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनका संघर्ष और सादगी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

पूर्व सांसद राजपाल सैनी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन किसानों, गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की राजनीति की और सामाजिक समानता को मजबूत करने का काम किया। उनके संघर्ष, सादगी और जनसेवा के विचार हमेशा याद किए जाते रहेंगे। कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के बीच रहकर जनहित के मुद्दों पर काम करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में मूसलाधार बारिश-सोलानी से काली तक नदियां उफान पर, बढ़ा बाढ़ का खतरा

जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने सामाजिक न्याय और समानता के लिए जीवनभर संघर्ष किया। गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और पिछड़े वर्ग के अधिकारों की आवाज को उन्होंने मजबूती दी। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर समस्याओं के लिए संघर्ष करने की उनकी सीख आज भी प्रासंगिक है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव सोमपाल करी ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद राजपाल सैनी, राष्ट्रीय सचिव राजकुमार यादव, राकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, इलम सिंह गुर्जर, विनय पाल, हाजी लियाकत, लतेश विधूड़ी, धनवीर कश्यप, तहसील मंसूरी, अथर हसन, ओमपाल सिंह, रमेश शर्मा, पंकज सैनी, अमीर कासिम और धर्मेंद्र नीटू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-कैंपा कोला की फैक्टरी देखने जमालपुर पहुंचे मुख्य सचिव

जयंती के अवसर पर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष शिक्षक सभा सत्येंद्र पाल के नेतृत्व में महावीर चौक पर फल वितरण किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य के माध्यम से नेताजी की जयंती मनाई। पार्टी नेताओं ने मुलायम सिंह यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजवादी सिद्धांतों को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

Share This Article