ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, इरशाद के रूप में हुई मृतक की पहचान, मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के रास्ते पर एक युवक का शव पड़ा मिला। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शेरपुर गांव निवासी इरशाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। इरशाद के पिता का नाम यूसुफ मलिक बताया गया है। परिजनों के मुताबिक इरशाद के आठ बच्चे हैं। गांव के रास्ते पर शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि शुरुआती जांच में युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के साथ ही पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मौत स्वाभाविक है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
