मुजफ्फरनगर में जल निकासी होगी मजबूत, डीएम ने गठित की तकनीकी कमेटी

रामपुरी और शाहबुदीनपुर क्षेत्र के लोगों के लिए बनेगा नया प्लान, क्षेत्रीय सभासद रजत धीमान के लगातार प्रयासों के बाद प्रशासन सक्रिय

मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय सिंह ने बताया कि शहर में जलभराव की समस्या के समाधान और जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शहर में जल निकासी व्यवस्था के संबंध में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के स्थलीय निरीक्षण एवं परीक्षण के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  कृष्ण गोपाल ने दी सफाई-मैं ब्लैकमेलर नहीं हूं भाई

जारी आदेश के अनुसार, इस तकनीकी समिति में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट तथा सहायक अभियंता, नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर को शामिल किया गया है। यह समिति संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का आकलन करेगी तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों के संबंध में अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराएगी।
बताया गया है कि नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव और निकासी संबंधी समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए समिति का गठन किया है, जिससे समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-व्यापारी को लूटने वाले छह बदमाशों पर लगा गैंगस्टर एक्ट

इस पूरे मामले में क्षेत्रीय सभासद रजत धीमान की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। सभासद रजत धीमान लंबे समय से अपने क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष कई बार इस मुद्दे को रखा। उनके निरंतर प्रयासों और जनहित में किए गए अनुसरण के बाद प्रशासन द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए जांच समिति का गठन किया गया है।
क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे बरसात के मौसम में होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सकेगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जा सके।

इसे भी पढ़ें:  पुरकाजी को विकास की बड़ी सौगात, छपार-रोहाना-चरथावल मार्ग के चौड़ीकरण को मिली मंजूरी
Share This Article