हरेटी में ग्राम प्रधान के पुत्र की हत्या से शोक, मंत्री अनिल कुमार ने दी सांत्वना

परिजनों ने उठाए कई सवाल, उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग; मंत्री ने एसएसपी से वार्ता कर सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच कराने को कहा

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम हरेटी में ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते पुत्र रोहन राठी की हत्या के बाद गांव में शोक का माहौल है। शुक्रवार देर रात पुरकाजी विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मंत्री अनिल कुमार के पहुंचने से पहले भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और पूर्व सांसद संजीव बालियान समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक-सामाजिक लोग भी विवेक राठी के आवास पर पहुंच चुके थे। सभी ने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। परिजनों ने मंत्री के समक्ष हत्या के मामले को लेकर कई सवाल और अपनी आशंकाएं रखीं। ग्रामीणों ने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इस पर मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसे भी जांच के दायरे में लाकर कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  असम के सीएम के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, बयान पर जताई नाराजगी

मंत्री ने पुलिस द्वारा घटना के खुलासे के बावजूद परिजनों की ओर से उठाए जा रहे सवालों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता की। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा उठाए गए प्रत्येक बिंदु की गंभीरता से जांच की जाए। जांच के दौरान यदि कोई नया तथ्य या साक्ष्य सामने आता है तो उसके आधार पर निष्पक्ष एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की बात कही।

इसे भी पढ़ें:  जीवा गैंग का 1 लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर

इस दौरान पूर्व सांसद संजीव बालियान, भाजपा नेता अभिषेक चौधरी, तितावी चेयरमैन शंकर सिंह भोला, नरेश टिकैत, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय पंवार, मंडल महामंत्री विपिन गोयल, बी-पैक्स सहकारी समिति चेयरमैन धीर सिंह गुर्जर, मनोज चौहान, राष्ट्रीय लोकदल नेता धर्मेंद्र राठी, गोल्डी राठी, भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, भाजपा नेता संदीप वर्मा, शिवकुमार पाल, संजय धीमान, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संयोजक पियूष राणा, बजरंग दल संयोजक अमन गोयल और रालोद नेता अमित गोयल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  बुढ़ाना सड़क हादसा, चार लोग गंभीर घायल
Share This Article