सहारनपुर। शिवालिक की पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही तेज बारिश से घाड़ क्षेत्र में बरसाती नदियां उफान पर हैं। मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से मंदिर परिसर की कई दुकानों में पानी घुस गया।
मिर्जापुर क्षेत्र के जाटोवाला में नदी का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा। तेज बहाव के चलते पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। असगरपुर, महमूदपुर समेत आसपास के गांवों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास नदी में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। नदी किनारे लगी प्रसाद, खिलौने और अन्य सामान की दुकानों तक पानी पहुंच गया। पानी बढ़ता देख दुकानदारों ने सामान सुरक्षित जगह पहुंचाना शुरू कर दिया। हालांकि कई दुकानों में पानी भरने से सामान खराब हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बारिश में पहली बार शाकंभरी नदी में इतना ज्यादा पानी आया है। बारिश जारी रहने से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
उधर मिर्जापुर थाना क्षेत्र के जाटोवाला में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज के पास गांगरोह नदी का पानी तेजी से बढ़ गया। कुछ ही देर में पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा। पुल के नीचे पानी की निकासी के लिए लगाए गए पाइपों में कचरा फंसने से निकासी प्रभावित हुई। इसके बाद नदी का पानी आसपास के इलाकों में फैल गया।
