MUZAFFARNAGAR-अंग्रेजी शराब की मॉडल शॉप में लगी भीषण आग

मुजफ्फरनगर। 26 जनवरी की रात में शहर के प्रमुख प्रकाश चौक के पास स्थित अंग्रेजी शराब की एक मॉडल शॉप में अचानक ही भयंकर आग लग गई। इस आग में शॉप की ऊपरी मंजिल में बने कमरे में सो रहे कर्मचारी भी धुएं और आग की लपटों के कारण फंस गये। आग को देखकर हड़बड़ाये इन कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए ऊपर से ही छलांग लगा दी, जिस कारण इनकी जान बच सकी, लेकिन आग के कारण करीब तीन करोड़ रुपये की महंगी अंग्रेजी शराब का पूरा स्टॉक जलकर खाक हो जाने से व्यापारी को बड़ा नुकसान हुआ है। आग का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है। आग बुझाने के लिए जनपद के दूसरे हिस्सों और पेपर मिल से भी गाड़ियां बुलानी पड़ी थी। आग के कारण अफरा-तफरी मच गई थी। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी गयी है।

इसे भी पढ़ें:  टाउनहाल में बवाल, निजी कंपनी के कर्मचारियों पर हमला

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अन्तर्गत प्रकाश चौक पर स्थित अंग्रेजी शराब की मॉडल शॉप में 26 जनवरी के दिन रविवार की देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीबतीन करोड़ रुपये की महंगी और ब्रांडेड शराब समेत अन्य सामान और फर्नीचर भी जलकर खाक हो गया। यह अग्निकांड रविवार की देर रात करीब ढाई बजे हुआ, इस भयंकर आग के कारण इस मॉडल शॉप के ऊपर बने कमरे में सो रहे कर्मचारियों की जान पर भी आफत बन आई थी। कमरे में मौजूद लोगों की आंखें धुएं के कारण सांस घुटने से खुलीं। जब उन्होंने चारों तरफ धुआं देखा, तो घबराकर जान बचाने के लिए कमरे से कूद गए। पीछे की तरफ खड़े पेड़ का सहारा लेकर सभी लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। उनको कमरे के नीचे हिस्से में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखीं। इस भयंकर आग ने मॉडल शॉप में रखी महंगी शराब और बाकी सामान को पूरी तरह राख कर दिया। दुकान के मालिक प्रदीप त्यागी के अनुसार, आग में लाखों की महंगी शराब जलकर खाक हो गई। प्रदीप त्यागी के मॉडल शॉप के ठीक सामने ‘मां शाकुंभरी वैष्णो ढाबा’ है। इस ढाबे पर काम करने वाले 3-4 लोग रोज़ाना की भांति मॉडल शॉप के ऊपर बने कमरे में सो रहे थे, जिन्होंने आग लगने की भनक लगते ही सूझबूझ से अपनी जान बचाई। उन्होंने तत्काल दुकान मालिक प्रदीप त्यागी को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा सामान जल चुका था।

घटना को लेकर एफएसओ आरके यादव ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में रविवार के दिन यह मॉडल शॉप सरकारी आदेश के कारण बंद थी। इस वजह से कोई भी अंदर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यह मॉडल शॉप प्रदीप त्यागी की पत्नी सोनिया त्यागी के नाम पर आबकारी विभाग में रजिस्टर्ड है। रात्रि करीब ढाई बजे यहां पर आग लगी। सूचना मिलने के बाद वो स्वयं दो फायर टैण्डरों को लेकर मौके पर पहुंचे थे। शटर बंद होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। इसके कारण शटर को काटकर रास्ता बनाया गया था। इसके बाद बुढ़ाना और जानसठ तथा बिन्दल पेपर मिल से भी पानी की गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगी है, लेकिन विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। वहीं सोमवार की सुबह घटना की जानकारी पर आबकारी विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की पुष्टि की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  रोटरी एवं इनरव्हील चैम्बर ने सरस्वती शिशु मंदिर केशवपुरी में कराया दो कक्षों का निर्माण
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *