हापुड़: स्विमिंग से लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चार बच्चों समेत सभी की दर्दनाक मौत

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में  बाइक पर सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा थाना हाफिजपुर क्षेत्र में उस समय हुआ जब सभी लोग स्वीमिंग पुल से स्नान करके लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान दानिश (उम्र 36), महिरा (उम्र 6 वर्ष), समायरा (उम्र 5 वर्ष, पुत्री दानिश), समर (उम्र 8 वर्ष), और माहिम (उम्र 8 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी एक ही बाइक से गुलावठी के गांव मिठ्ठेपुर गए थे और वहां स्थित बाग के स्वीमिंग पुल में नहाने के बाद रात करीब साढ़े दस बजे वापस लौट रहे थे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR---रिश्वत लेते दरोगा को एंटी करप्शन ने दबोचा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब अज्ञात कैंटर और उसके चालक की तलाश कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है, वहीं मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।

इसे भी पढ़ें:  फ्रेश वेस्ट के निस्तारण में आत्मनिर्भर बनेगी पालिका
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *