भारत में मोदी मैजिक चल रहा हैः दिनेश शर्मा

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं पूर्व डिप्टी सीएम डाॅ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कलस्टर विस्तारक बैठक में मुजफ्फरनगर सहित वेस्ट यूपी की पांच लोकसभा सीटों के विस्तारकों और पालकों की बैठक में मजबूत तैयारियों पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि वर्तमान में देश में मोदी मैजिक चल रहा है। विपक्ष को मुद्दाहीन और महत्वहीन बताते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने देश को बांटा है और भाजपा जोड़ने का काम कर रही है। आज भारत ने विश्व के ताकतवर देशों को पीछे छोड़ने का काम किया है।

भाजपा के कलस्टर विस्तारक अभियान के राष्ट्रीय संयोजक बनाये गये राज्य सभा सांसद डाॅ. दिनेश शर्मा शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर कलस्टर विस्तारक बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इससे पहले दिल्ली से यहां पहुंचने पर जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दिल्ली देहरादून हाईवे स्थित चीतल ग्रांड पर उनका स्वागत किया और काफिले के साथ वो कार्यालय पहुंचे। बता दें कि इस बार लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने पांच पांच लोकसभा सीटों का कलस्टर बनाया है। इनमें विस्तारक और पालक नियुक्त किये गये हैं। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, कैराना, बिजनौर और नगीना सीट के कलस्टर के प्रभारी एमएलसी सत्यपाल सैनी के साथ सांसद डाॅ. दिनेश शर्मा ने 30 कलस्टर विस्तारकों और पालकों की बैठक ली और उनसे तैयारियों को लेकर संवाद भी किया। इस दौरान सहारनपुर और बिजनौर के जिलाध्यक्ष के साथ ही मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, कलस्टर प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी सत्यपाल सैनी, कलस्टर सह संयोजक प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, क्षेत्रीय प्रभारी योगेश मिश्रा और अनूप वाल्मीकि भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के उपरांत सांसद डाॅ. दिनेश शर्मा ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि आज भारत में मोदी मैजिक चल रहा है। मोदी जी का प्रधानमंत्री पद का दस साल का कार्यकाल भारत के विकास की यात्रा रही है। महंगाई की दर स्थिर रही है। 2014 से पहले से कम महंगाई की दर वर्तमान में है। आज भारत वैश्विक स्तर पर सम्पन्न देशों को पछाड़ रहा है। वर्तमान में अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और जर्मनी की विकास दर भारत के विकास की दर से कम है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रखने के लिए ही ये अंतरिम बजट पेश किया है। जातिवाद का कुचक्र विपक्ष ने चलाया था, आज वो महत्वहीन हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में चार जाति को ही महत्व दिया है। इनमें महिला, युवा, किसान और गरीब वर्ग को ही जाति मानकर इनका उन्नयन करना भाजपा का लक्ष्य है। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा पूरे उत्तर प्रदेश में एक विशेष अभियान चलाये हुए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए हम काम कर रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि किसान भाजपा सरकार की नीतियों से खुश है। गन्ना मूल्य उचित रूप से मिल रहा है। दो बार मूल्य बढ़ाया गया है। बिजली भी पूरी मिल रही है। सड़कों का जाल गांव गांव बिछाया गया है। यूरिया और खाद भी आसानी से मिल रहा है। सोलर लाइट की योजना से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। एक करोड़ लोगों को 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी।

ज्ञानवापी प्रकरण को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि ज्ञानवापी के व्यासजी तहखाने में 1993 तक पूजा अर्चना होती आई और सपा की सरकार में इसको रोका गया था। अदालत के आदेश सभी को मानना चाहिए। समान नागरिक संहिता सभी को बराबरी का अधिकार देगी। राशन अगर मिल रहा है तो सभी को मिल रहा है। देश में जाति का बंधन मिटना चाहिए। भाजपा सरकारों की समान नीतियों के कारण ही उत्तर प्रदेश उत्थान की ओर है, देश और प्रदेश में आज एक भी साम्प्रदायिक दंगा नहीं हो रहा है। इसी कारण एनआरसी और यीसीसी देश की जरूरत है। विपक्ष जाति में बांट रहा है और भाजपा देश को एक करते हुए मजबूत करने की नीति है। स्वार्थ के लिए गठबंधन हो रहा है। नीतीश की तरह और भी लोग इनसे जल्द अलग होने जा रहे हैं। झारखंड के लिए कानून अपना काम कर रहा है। इसके उपरांत वो भाजपा नेता पुनीत वशिष्ठ के आवास पर भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यहां पर पुनीत वाशिष्ट ने उनका स्वागत किया। जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, एमएलसी सत्यपाल सैनी, अचर्ना मिश्रा, योगेश मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, राहुल गोयल, अमित वत्स, संजय मिश्रा, शरद शर्मा, पूर्व विधायक अशोक कंसल, राजेश पाराशर, डा. संदीप शर्मा, हरीश गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-ग्रामीण क्षेत्र में मजबूत हो रही ललित मोहन की क्रांतिसेना
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *