अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, आठ बाइक बरामद

सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी की रकम और फर्जी नंबर प्लेट भी मिली

मुजफ्फरनगर। शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी के बीच सिविल लाइन पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों और राज्यों से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिलें, एक फर्जी नंबर प्लेट और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और नोएडा से भी वाहन चोरी करने की बात बताई है। पुलिस अब गिरोह के तीसरे सदस्य और चोरी की बाइकों को खरीदने वालों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एसडी मार्केट और साईं अस्पताल के पास से दो मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं। दोनों घटनाओं के संबंध में सिविल लाइन थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में 11 अगस्त को देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों घटनाओं में शामिल आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ संधावली अंडरपास के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। वहां कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल के साथ बैठे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जावेद उर्फ सबलू निवासी गांव कवाल, थाना जानसठ और आस मौहम्मद उर्फ आशू निवासी गांव छछरौली, थाना ननौता, सहारनपुर के रूप में हुई।

इसे भी पढ़ें:  रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर मिडटाउन मेडिकल कैंप में निशुल्क दवा वितरण

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल आठ चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगीं। इसके अलावा एक फर्जी नंबर प्लेट और बाइक बेचकर मिले चार हजार रुपये भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर 16 जुलाई को कोर्ट रोड स्थित अंबेडकर मूर्ति के पास से एक होंडा लिवो मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद दो अगस्त को शिव चौक के पास एसडी मार्केट के सामने से स्प्लेंडर प्रो बाइक चोरी की। दोनों मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें करीब आठ-आठ हजार रुपये में बेच दिया गया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि दो अगस्त को ही साईं अस्पताल, सर्कुलर रोड से लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर और एसडी मार्केट से पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इनमें से बाइक पुलिस ने बरामद कर ली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के अलावा यमुनानगर, हरियाणा, रुड़की, चंडीगढ़ और नोएडा से भी मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की है।

इसे भी पढ़ें:  नई मंडी में जर्जर टेलीफोन खंभा बना खतरा, हादसे की आशंका

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जावेद उर्फ सबलू के खिलाफ जानसठ, ककरौली, कांधला और सिविल लाइन थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, हथियार अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। सिविल लाइन थाने में दर्ज वर्तमान मुकदमों के अलावा वर्ष 2022, 2024 और 2025 के मुकदमे भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल हैं। दूसरे आरोपी आस मौहम्मद उर्फ आशू के खिलाफ भी सिविल लाइन थाने में वर्तमान मामले से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-ग्रांड प्लाजा मॉल पालिका का सबसे बड़ा बकायादार!
Share This Article