खतौली पुलिस ने किया चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा

दिल्ली निवासी सन्नी सेजवाल ने थाना खतौली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने खतौली बाइपास स्थित उसके रामत्ना होटल से सामान चोरी कर लिया

मुजफ्फरनगर। थाना खतौली पुलिस ने चोरी के दो मामलों का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान, 25 हजार रुपये नगद, 23 किलो तांबे का तार और वारदात में प्रयुक्त टैम्पो बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खतौली दिनेश चन्द बघेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। एसएचओ दिनेश बघेल ने बताया कि 3 जुलाई 2025 को दिल्ली निवासी सन्नी सेजवाल ने थाना खतौली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने खतौली बाइपास स्थित उसके रामत्ना होटल से सामान चोरी कर लिया है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम बनाई गई। 14 सितम्बर 2025 को पुलिस ने छपार थाना क्षेत्र में दर्ज तांबे के तार चोरी के मामले के साथ होटल चोरी की वारदात का भी खुलासा कर तीन चोरों को रोडवेज बस स्टैण्ड के पास से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि कार्यवाही में गिरफ्तार आरोपियों में अलीमुद्दीन पुत्र सलीम निवासी तारापुरी लिसाड़ी गेट मेरठ, इमरान पुत्र सलाउद्दीन निवासी शौकीन गार्डन लिसाड़ी गेट मेरठ और शहजाद पुत्र शाहिद निवासी शौकीन गार्डन लिसाड़ी गेट मेरठ शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 01 डीप फ्रिज, 01 ओवन, 05 पंखे, 01 इन्वर्टर, 02 बैटरियां, 23 किलो तांबे का तार, 25 हजार रुपये नगद और इस चोरी में प्रयोग किये गये 01 टैम्पो को बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने होटल से सामान चोरी और छपार क्षेत्र में डीसीएम की तिरपाल काटकर तांबे का तार चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी कर सामान बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते हैं। एसएचओ ने बताया कि इमरान और अलीमुद्दीन के खिलाफ मेरठ, बुलन्दशहर और मुजफ्फरनगर के कई थानों में चोरी, हथियार और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। शहजाद भी खतौली और छपार क्षेत्र में दर्ज चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। चोरी की वारदातों का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र, उपनिरीक्षक नंदकिशोर शर्मा, हेड कांस्टेबल अरुण, मनीष कुमार, मुनीश शर्मा, शीतल देव चौधरी, उमेश मावी और कांस्टेबल विवेक, शौबीर तेवतिया, प्रदीप, विकास कुमार शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  धूमधाम से मना भगवान परशुराम जन्मोत्सव, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *