शारदेन स्कूल के प्रबंधक को विदेश से मिली जान से मारने की धमकी

पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद, फोन पर दी गई हत्या की धमकी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

मुजफ्फरनगर। शहर के शारदेन स्कूल के प्रबंधक विश्वरतन को विदेश से फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसों के लेनदेन में बकाया रकम मांगने पर आरोपी ने फोन कर विश्वरतन को हत्या की धमकी के साथ ही बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। मामले में खालापार थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर के मेरठ रोड स्थित सीबीएसई बोर्ड के विद्यालय शारदेन स्कूल के प्रबंधक विश्वरतन पुत्र स्व. रतनलाल गुप्ता ने खालापार थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में अपनी जान को खतरा बताया है। विश्वरतन द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 14 जुलाई को दोपहर करीब 1.58 बजे विश्वरतन ने उदयप्रताप सिंह को बकाया भुगतान को लेकर संदेश भेजा था। आरोप है कि कुछ समय बाद उदयप्रताप सिंह ने विदेश से फोन कर कहा कि यदि दोबारा पैसों की मांग की तो जिंदगी खत्म कर दूंगा और कहीं का नहीं छोड़ूंगा।

इसे भी पढ़ें:  चकबंदी के बाद मेढ़ खुर्द-बुर्द करने पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

विश्वरतन द्वारा की गई शिकायत में यह भी कहा गया है कि पैसों के लेनदेन को लेकर उदयप्रताप सिंह, उसके पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह तथा उनके कारोबारी साझेदार विशाल वर्मा के साथ उनका काफी दिनों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि इससे पहले 11 जून को अरिरुद्ध प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ उनके आवास पर पहुंचा था और पैसे मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। शारदेन स्कूल के प्रबंधक विश्वरतन ने पुलिस को बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें अपनी जान-माल का खतरा है और आरोपी उनके साथ किसी भी समय अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। शिकायत के आधार पर खालापार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  नाला निर्माण की शिकायत पर पालिका अध्यक्ष ने किया स्थलीय निरीक्षण, अफसरों को सख्त नसीहत
Share This Article