स्कार्पियो-कैंटर की भिड़ंत में गई थी तीन लोगों की जान

बरेली। बरेली-पीलीभीत निर्माणाधीन हाईवे पर स्कार्पियो सामने से आ रहे आक्सीजन गैस के सिलिंडरों से भरे कैंटर से टकरा गई। हादसे में पंजाब के हरजीत सिंह (60), संतोख सिंह (62) व भिंदर कौर (52) की मौत हो गई। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर स्कार्पियो गाड़ी और कैंटर की आमने-सामने हुई टक्कर में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों पंजाब के निवासी थे। वह लखीमपुर खीरी के पलिया से लौट रहे थे। गुरुवार को इनायतपुर गांव के पास हुए हादसे में कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने उनको सीएचसी पहुंचाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा के मुताबिक, स्कार्पियो चालक को झपकी आने और तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ। पंजाब के लुधियाना जिले के मछिवारा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुंदरनगर में मुकुंद सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे दलजीत सिंह ने बताया कि लुधियाना और लखीमपुर खीरी के पलिया में उनका मर्चिया फार्म है। दो दिन पहले उनके पिता मुकंद सिंह, मां भिंदर कौर, समधी संतोख सिंह, संतोख सिंह के भांजे हरजीत सिंह व साथी लाडी सिंह उनके फार्म हाउस आए थे। बृहस्पतिवार को सभी स्कार्पियो से पंजाब लौट रहे थे।
बरेली-पीलीभीत निर्माणाधीन हाईवे पर इनायतपुर गांव के पास उनकी स्कार्पियो सामने से आ रहे आक्सीजन गैस के सिलिंडरों से भरे कैंटर से टकरा गई। हादसे में पंजाब के लुधियाना जिले के कुमकला थाना क्षेत्र के ग्राम सतराना निवासी हरजीत सिंह (60), मछिवारा थाना क्षेत्र के ग्राम राह निवासी संतोख सिंह (62) व भिंदर कौर (52) की मौत हो गई। कार चला रहे मुकंद सिंह और उनके पास बैठे रूपनगर जिले के चमकौर साहिब थाना क्षेत्र के ग्राम बस्सी निवासी लाडी सिंह घायल हो गए। हादसे में कैंटर और कार के परखचे उड़ गए। सूचना पर एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

इसे भी पढ़ें:  रामराज बाजार हत्या कांड: पत्नी विवाद में सरेआम गोलियां
Share This Article