मुजफ्फरनगर के हिंदूवादी नेता के भाई की दुकान में भीषण आग

लोहिया बाजार में रविवार तड़के लगी आग से बाजार में मचा हड़कंप, चार दमकल गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

मुजफ्फरनगर। शहर की सब्जी मंडी के पीछे स्थित लोहिया बाजार में रविवार तड़के एक दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ये दुकान एक हिंदूवादी संगठन के राष्ट्रीय स्तर के नेता के भाई की बताई गई है। आग इतनी विकराल थी कि दुकान में रखा रुई, गैस पाइप और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से भवन को भी काफी नुकसान पहुंचा।

सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस अग्निकांड में व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान बताया गया है। दुकान में एलपीजी सिलेंडर भी रखा हुआ था, यदि वो फटता तो बड़ा नुकसान होने की आशंका थी।

इसे भी पढ़ें:  जयंत चौधरी के अपमान पर भड़का रालोद, मां-बेटी ने खोला मोर्चा

जानकारी के अनुसार लोहिया बाजार स्थित दुकान में रविवार तड़के करीब 3.30 बजे अचानक आग लग गई। रात के समय दुकान से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के व्यापारियों और लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की बात सामने आई है। बताया गया कि आग की चपेट में आई दुकान राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा के चचेरे भाई सचिन अरोड़ा की है। आग की सूचना मिलते ही सुबह तड़के करीब 4 बजे अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और आसपास की दुकानों तक लपटें पहुंचने से रोकने का प्रयास किया।

इसे भी पढ़ें:  डीएम आवास के सामने कूड़ा डलावघर ध्वस्त, अब नहीं डलेगा कूड़ा

सीएफओ अनुराग सिंह के अनुसार, आग पर काबू पाने के बाद भी दुकान में सुलग रही आग को पूरी तरह बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। सुबह करीब 6.15 बजे फायर फाइटर्स ने सीढ़ी लगाकर दुकान की पहली मंजिल तक पहुंचकर वहां बची आग को बुझाया। इसके बाद आग पूरी तरह शांत हो सकी। इसमें करीब तीन चार घंटे लगे और आग बुझाने के लिए चार फायर टैण्डरों का प्रयोग किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  पूरी रात पीटा- फिर मार डाला, जला दी नाबालिग लड़की की लाश
Share This Article