सहारनपुर । 19 से 23 सितम्बर तक आयोजित होने वाली 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी कुराश, भारोत्तोलन एवं जूडो प्रतियोगिता बालक व बालिका सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वस्ति वाचन के साथ हुआ। संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन ने मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कुँवर बृजेश सिंह का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया । जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्षदेव स्वामी द्वारा विशिष्ट अतिथि राजीव गुम्बर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों एवं गणमान्य अतिथियों का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विशिष्ट अतिथि राजीव गुंबर एवं महापौर डॉ. अजय कुमार ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य एवं संघर्ष की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने तथा अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी गईं। दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सर्वप्रथम माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात इंडियन मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके उपरांत हिंदू कन्या इंटर कॉलेज की
छात्राओं द्वारा शिव तांडव की सुंदर एवं प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। वहीं के.सी.सी.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन द्वारा पांच दिवसीय प्रतियोगिता की रूपरेखा बताई गई एवं गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा भेंट कर आभार व्यक्त किया गया l
अतिथियों के समक्ष 14 वर्ष, -24 किलोग्राम भार वर्ग में साधना (सहारनपुर) एवं सन्नो (प्रयागराज) के मध्य आयोजन समिति द्वारा ‘कुराश’ की फाइट कराकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया जिसमें सन्नो (प्रयागराज) विजयी घोषित हुईं l खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला । चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आए बालक-बालिकाएँ कुराश, भारोत्तोलन एवं जूडो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समारोह ने खेल, संस्कृति और उत्साह का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिता के लिए एक शानदार शुरुआत की।
