बच्चों के साथ मेले से घर लौटते समय किया कुत्तों ने हमला, सात साल के मन्नू को खींचकर खेत में ले गये थे
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के बेहट स्थित खुर्रमपुर गांव में कुत्तों के झुंड ने मन्नू (7) को नोचकर मार डाला। मन्नू अपने परिवार के साथ गांव आलमपुर खुर्द में किराए के मकान में रहता था। गांव के बच्चों के साथ खुर्रमपुर में गोगा म्हाड़ी पर लगे मेले में घूमने आया था। जुगल का सात साल का बेटा मन्नू अन्य बच्चों के साथ पास ही लगा मेला देखकर लौट रहा था।
खुर्रमपुर गांव में कुत्तों ने हमला कर दिया। बाकी बच्चे तो भाग गए, लेकिन मन्नू गिर गया। कुत्ते उसे खींचकर खेतों में ले गए। जब लोग पहुंचे तो कुत्तों ने उसके शरीर को क्षत-विक्षत कर दिया था। उधर, चिलकाना के मोहल्ला कोठीवाला निवासी इरफान के साढ़े तीन वर्षीय बेटे शादान पर कुत्तों ने हमला कर घायल किया।
रामपुर जिले के गांव इमरतपुर निवासी जुगल उर्फ मोनू अपनी पत्नी कमलेश, तीन बच्चों आयुष (10), मन्नू (7) और रिया (3) के साथ किराए के मकान में रहकर आलमपुर खुर्द निवासी संदीप कुमार उर्फ कालू के पॉली हाउस पर मजदूरी करता है। चार साल पहले जुगल यहां आया था। किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार शाम करीब चार बजे मन्नू गांव के बच्चों के साथ गांव खुर्रमपुर में गोगा म्हाड़ी मंदिर पर लगे मेले में घूमने गया था। मेले से लौटते समय रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। बाकी बच्चे भाग निकले, जबकि मन्नू गिर गया। कुत्ते मन्नू को घसीटकर खेत में ले गए और उसे नोचकर मार डाला।
साथ में गए बच्चों ने इसकी जानकारी गांव में दी, जिसके बाद पूर्व प्रधान प्रवीण सैनी, कर्ण सिंह आदि लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को दौड़ाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में मन्नू को सीएचसी बेहट लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूर्व प्रधान प्रवीण सैनी ने बताया कि खेत में खूंखार कुत्तों के झुंड घूम रहे हैं, जो रास्ते से आते-जाते समय लोगों पर हमला कर रहे हैं। दोपहिया वाहन सवारों का पीछा करते हैं। सीओ बेहट ने इस सम्बंध में बताया कि मृतक बच्चे के परिजनों और गांव के जिम्मेदार लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। पंचायतनामा भरने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
