मीनाक्षी स्वरूप ने कराई खांजापुर के प्राचीन शिव मंदिर में नंदी महाराज की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सनातन संस्कृति समाज को सद्भाव का संदेश देती हैं

नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने धार्मिक उल्लास के बीच किया भूमिया खेड़ा पूजन, सनातन संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश, सुख-समृद्धि की कामना की

मुजफ्फरनगर। शहर के शामली रोड स्थित खांजापुर-होशियारपुरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर रविवार को धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना रहा। यहां नंदी महाराज की पावन प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं भूमिया खेड़ा पूजन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव और नंदी महाराज से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे और लोगों के साथ पूजन किया।

इसे भी पढ़ें:  शराब के विवाद में किसान की हत्या, शव जलाने की कोशिश नाकाम

समारोह के दौरान नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच नंदी महाराज की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इसके उपरांत भूमिया खेड़ा का उद्घाटन एवं पूजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामवासी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इसे भी पढ़ें:  रामराज में सरेआम गोली मारकर युवक की हत्या

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराएं और आस्था समाज को एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ और नंदी महाराज से प्रार्थना करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी परिवारों पर उनकी कृपा बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का वास हो। उन्होंने मंदिर समिति, आयोजन समिति और समस्त श्रद्धालुओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय सभासद योगेश मित्तल के साथ श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और मंदिर परिसर में आयोजित पूजन एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को सफल बनाया। आयोजन के समापन पर क्षेत्रवासियों ने समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार का संकल्प दोहराया।

इसे भी पढ़ें:  मेरठ के सालनगर में छिपा था गैंगस्टर एक्ट का वांछित, खतौली पुलिस ने दबोचा
Share This Article